Delhi goverment to impound, scrap end of life vehicles found on roads of city दिल्ली में उम्र पूरी कर चुके वाहन सीधे होंगे जब्त, परिवहन विभाग ने जारी किया डराने वाला नोटिस, Ncr Hindi News - Hindustan
More

दिल्ली में उम्र पूरी कर चुके वाहन सीधे होंगे जब्त, परिवहन विभाग ने जारी किया डराने वाला नोटिस

दिल्ली में लागू नियमों के अनुसार दस साल से ज्यादा पुराने डीजल वाहन और 15 वर्ष से अधिक पुराने पेट्रोल वाहन 'एंड ऑफ लाइफ व्हीकल्स' (EOV) की श्रेणी में आते हैं। सरकार ने इन्हीं वाहनों को NCR से बाहर ले जाने के लिए कहा है।

Sat, 14 Feb 2026 09:59 PMSourabh Jain पीटीआई, नई दिल्ली
share
दिल्ली में उम्र पूरी कर चुके वाहन सीधे होंगे जब्त, परिवहन विभाग ने जारी किया डराने वाला नोटिस

दिल्ली शहर में बढ़ते प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए परिवहन विभाग ने शनिवार को एक बेहद सख्त और डराने वाला सार्वजनिक नोटिस जारी किया, जिसमें उसने बताया कि वह अब शहर में ऐसे किसी भी वाहन को नहीं रहने देगा जो अपनी समयसीमा पूरी कर चुके हैं। फिर चाहे वह वाहन सड़क पर चल रहा हो या फिर कहीं पर खड़ा हुआ हो।

विभाग की मानें तो ऐसे वाहनों को बिना किसी पूर्व सूचना के ही जब्त कर लिया जाएगा और फिर कबाड़ में बदल दिया जाएगा। दिल्ली में लागू नियमों के अनुसार 10 साल से ज्यादा पुराने डीजल वाहन और 15 वर्ष से अधिक पुराने पेट्रोल वाहन EOV (एंड ऑफ लाइफ व्हीकल्स) वाहनों की श्रेणी में आते हैं, यानी जिनकी उम्र पूरी हो चुकी है। कार्रवाई से बचने के लिए विभाग ने ऐसे वाहनों के मालिकों को अपने वाहन को NCR से बाहर ले जाने की सलाह दी है।

अपने नोटिस में परिवहन विभाग ने ऐसे सभी EOV वाहनों के मालिकों से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) प्राप्त करने और अपने वाहनों को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र से बाहर ट्रांसफर कराने के लिए कहा है। नोटिस में कहा गया है, 'दिल्ली के सार्वजनिक स्थानों पर चल रहे या खड़े BS-3 और उससे नीचे के उत्सर्जन मानकों वाले पुराने वाहनों (EOV) को कानून के अनुसार बिना किसी पूर्व सूचना के जब्त करके कबाड़ कर दिया जाएगा। ऐसे वाहन मालिकों को सलाह दी जाती है कि वे अपनी गाड़ियां शहर से बाहर स्थानांतरण के लिए NOC प्राप्त कर लें।'

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:DTC का बेड़ा होगा और बड़ा, केंद्र सरकार से जल्द दिल्ली को मिलेंगी 3323 बसें
ये भी पढ़ें:नोएडा वालों के लिए गुड न्यूज,सेक्टर 142 से बॉटनिकल गार्डन तक होगा मेट्रो विस्तार
ये भी पढ़ें: फ्लाईओवर बना खत्म करेंगे नोएडा-कालिंदी कुंज का जाम
ये भी पढ़ें:दिल्ली में CM रेखा ने 120 मिस्ट स्प्रे का किया उद्घाटन, कहां की हवा करेंगे साफ?

साथ ही परिवहन विभाग के अधिकारियों ने यह भी बताया कि अपनी उम्र समाप्त कर चुके वाहनों को दिल्ली से हटाने के लिए जल्द ही एक नया अभियान भी चलाया जाएगा। वैसे बता दें कि शहर में वायु प्रदूषण को कम करने के लिए समय-समय पर इस तरह की मांग उठती रही है कि 15 साल से ज्यादा पुराने वाहनों को सड़कों पर चलने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। हालांकि इस बार परिवहन विभाग ने जो नोटिस जारी किया है, उसमें उसने सड़क पर खड़े वाहनों को भी जब्त करते हुए ले जाने और उन्हें कबाड़ में बदलने की बात कही है।

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।