साले को दिल दे बैठा जीजा, लिंग परिवर्तन कर बनाए शारीरिक संबंध; गाजियाबाद में गजब कांड
गाजियाबाद के कविनगर थानाक्षेत्र में जीजा पर शादी का झांसा देकर युवक का लिंग परिवर्तन कराने और यौन शोषण करने का आरोप लगा है। पुरुष से युवती बनी पीड़िता का कहना है कि लिंग परिवर्तन कराने के बाद जीजा ने उसका लगातार शोषण किया

गाजियाबाद के कविनगर थानाक्षेत्र में जीजा पर शादी का झांसा देकर युवक का लिंग परिवर्तन कराने और यौन शोषण करने का आरोप लगा है। पुरुष से युवती बनी पीड़िता का कहना है कि लिंग परिवर्तन कराने के बाद जीजा ने उसका लगातार शोषण किया और करीब 20 लाख रुपये भी हड़प लिए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
नगर कोतवाली क्षेत्र में रहने वाली पीड़िता ने पुलिस को बताया कि कि साल 2023 से पहले वह पुरुष थी। कविनगर थानाक्षेत्र में रहने वाले रिश्ते के जीजा के घर उसका नियमित आना-जाना था। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। आरोप है कि जीजा ने भरोसा दिलाया कि अगर वह लिंग परिवर्तन करा ले तो वह उससे शादी करेगा और उसे सम्मानजनक जीवन देगा। इसी भरोसे में आकर उसने चिकित्सकीय प्रक्रिया के जरिए लिंग परिवर्तन कराया। पीड़िता का कहना है कि लिंग परिवर्तन के बाद आरोपी ने शादी की तारीख तय करने के बजाय टालमटोल शुरू कर दी। इस दौरान उसने कई बार शारीरिक संबंध बनाए।
आरोप है कि आरोपी ने आर्थिक जरूरतों का हवाला देकर उससे मोटी रकम भी ली। पीड़िता के मुताबिक कुल 20 लाख रुपये आरोपी ने लिए, जिनमें से 13 लाख रुपये उसने लोन लेकर दिए थे। लोन से संबंधित दस्तावेजों पर आरोपी ने गवाह के रूप में हस्ताक्षर भी किए। युवती के मुताबिक मामला यहीं नहीं थमा। जब उसने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी ने उसे जान से मरवाने की धमकी दी। मारपीट की घटनाएं भी हुईं, जिनकी वीडियो फुटेज उसके पास मौजूद हैं।
पीड़िता का कहना है कि वह मानसिक और शारीरिक रूप से बुरी तरह टूट चुकी है। उसने आरोपी के खिलाफ पुलिस आयुक्त कार्यालय और कविनगर थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। उसने आरोप लगाया कि आरोपी प्रभावशाली है और पहले भी दबाव बनाकर मामला दबाने की कोशिश कर चुका है। वहीं, इस मामले को लेकर एसीपी कविनगर सूर्यबली मौर्य का कहना कि पूर्व में दोनों पक्षों को थाने बुलाकर पूछताछ की गई थी। उस समय पीड़िता ने समझौता कर लिया था, जिसके बाद मामला शांत हो गया था। मंगलवार को पीड़िता फिर कविनगर थाने पहुंची है। जानकारी मिली है कि आरोपी ने पीड़िता के खिलाफ केस दर्ज कराने के लिए अदालत में प्रार्थना-पत्र भी दिया है। माना जा रहा है कि इसी की भनक लगने के बाद पीड़िता दोबारा पुलिस के पास पहुंची है। एसीपी का कहना है कि दोनों पक्षों के आरोप-प्रत्यारोप की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




साइन इन