jewar jewar murder case son kills mother dayaurar village mental illness जेवर में ममता का कत्ल, इकलौते बेटे ने डंडे पीट पीटकर मां को उतारा मौत के घाट, Ncr Hindi News - Hindustan
More

जेवर में ममता का कत्ल, इकलौते बेटे ने डंडे पीट पीटकर मां को उतारा मौत के घाट

जेवर के दयौरार गांव में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां 25 वर्षीय कृष्ण कुमार ने झगड़े के दौरान अपनी मां की हत्या कर दी। पिता के अनुसार आरोपी मानसिक रूप से बीमार था। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।

Thu, 5 Feb 2026 09:21 AMAnubhav Shakya हिन्दुस्तान, ग्रेटर नोएडा
share
जेवर में ममता का कत्ल, इकलौते बेटे ने डंडे पीट पीटकर मां को उतारा मौत के घाट

जेवर कोतवाली क्षेत्र के दयौरार गांव में बुधवार को मां-बेटे के बीच झगड़ा हो गया। इस बीच बेटे ने डंडे और परात से सिर पर वार कर मां की हत्या कर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक दौयरार गांव में वीरेंद्र सिंह परिवार के साथ रहते हैं। वीरेंद्र सिंह की 55 वर्षीय पत्नी रुक्मणी का बुधवार को अपने 25 वर्षीय बेटे कृष्ण कुमार से किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ। इसी बीच कृष्ण ने डंडे और परात से रुक्मणी पर हमला कर दिया। महिला लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ी। पड़ोस के लोगों ने महिला को नजदीक के अस्पताल में पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस का कहना है कि महिला के पति के शिकायत पर आरोपी बेटे के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने कार्रवाई कर आरोपी कृष्ण को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

आरोपी युवक मानसिक रूप से बीमार

वीरेंद्र ने पुलिस को शिकायत देते हुए बताया कि उनका बेटा कृष्ण कुमार काफी समय से मानसिक रूप से बीमार है। उसका कई जगह से इलाज कराया, लेकिन कोई आराम नहीं मिला। पिछले लगभग 10 दिनों से वह घर भी नहीं आ रहा था। मंगलवार की शाम को ही उसे घर लेकर आए थे। बुधवार को रुक्मणी किसी काम से अपने घेर में गई थी। वहीं पर बेटे कृष्ण से कुछ विवाद हो गया। इसके बाद बेटे ने मां पर हमला कर दिया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:गुड न्यूज; नोएडा सेक्टर-62 के गोलचक्कर पर जाम से मिलेगी निजात, बनेगा स्काईवॉक

इकलौते बेटे ने घटना को अंजाम दिया

किसान वीरेंद्र के लिए घटना मुसीबत बन गई। पत्नी की मौत के बाद बेटा जेल चला गया। किसान ऐसे में अकेला पड़ गया। बेटे की मानसिक बीमारी से पिता पहले से परेशान रहता था। बताया जा रहा है कि आरोपी कृष्ण किसान वीरेंद्र का इकलौता बेटा है। इस घटना के बाद से पिता परेशान है। ग्रामीण और परिजन उसको सांत्वना दे रहे हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:यमुना सिटी का दिखेगा स्मार्ट अवतार, नोएडा एयरपोर्ट के पास AI सिटी की तैयारी

भोजन को लेकर विवाद हुआ

ग्रामीणों के मुताबिक मां-बेटे के बीच भोजन को लेकर विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि मां को भोजन बनाने में देरी हो गई थी और बेटा भोजन मांग रहा था।इसी के चलते दोनों के बीच कहासुनी हुई। इसके बाद मानसिक रूप से बीमार बेटे ने मां पर हमला किया। अस्पताल पहुंचने पर महिला की मौत हो गई थी।

ग्रेटर नोएडा के एडीसीपी सुधीर कुमार ने बताया कि पिता की शिकायत पर आरोपी बेटे के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।