JCB crackdown on illegal construction in Greater Noida, 30k square meters of land freed ग्रेटर नोएडा में अवैध निर्माणों पर चला 'पीला पंजा', बेशकीमती 30 हजार वर्ग मीटर जमीन को कराया मुक्त, Ncr Hindi News - Hindustan
More

ग्रेटर नोएडा में अवैध निर्माणों पर चला 'पीला पंजा', बेशकीमती 30 हजार वर्ग मीटर जमीन को कराया मुक्त

ग्रेनो प्राधिकरण के ACEO सुमित यादव ने कहा कि अधिसूचित एरिया में कहीं भी अनुमति के बिना निर्माण करना गलत है। उन्होंने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि कॉलोनाइजरों के चंगुल में फंसकर अपनी गाढ़ी कमाई न फंसाएं।

Fri, 13 Feb 2026 09:02 PMSourabh Jain लाइव हिन्दुस्तान, ग्रेटर नोएडा
share
ग्रेटर नोएडा में अवैध निर्माणों पर चला 'पीला पंजा', बेशकीमती 30 हजार वर्ग मीटर जमीन को कराया मुक्त

ग्रेटर नोएडा में अवैध कॉलोनाइजरों और भू-माफियाओं के खिलाफ GNIDA (ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण) का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में शुक्रवार को प्राधिकरण की टीम ने बिसरख के डूब क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 30,000 वर्ग मीटर की बेशकीमती अधिसूचित जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया। इस कार्रवाई को GNIDA के वर्क सर्किल-3 की टीम ने अंजाम दिया। इस दौरान उन्होंने डूब एरिया में खसरा नंबर-135 की जमीन पर बने अवैध निर्माण को ध्वस्त किया और लगभग 30 हजार वर्ग मीटर जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराया।

बाउंड्रीवॉल बनाकर कर रहे थे जमीन पर कब्जा

कार्रवाई की जानकारी देते हुए परियोजना विभाग के महाप्रबंधक एके सिंह ने बताया कि ग्राम बिसरख के खसरा नंबर 135 की जमनी पर कॉलोनाइजर अवैध रूप से कॉलोनी बसाने की फिराक में थे। इसी सिलसिले में भू-माफियाओं ने यहां बाउंड्रीवॉल बनाकर जमीन पर कब्जा करना शुरू कर दिया था। इस बारे में सूचना मिलते ही परियोजना विभाग के वर्क सर्किल-3 के प्रबंधक रोहित गुप्ता के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। जिसमें सहायक प्रबंधक राजीव कुमार व अन्य अधिकारी शामिल थे।

2 जेसीबी और 3 डंपरों से दिया कार्रवाई को अंजाम

सिंह ने बताया कि रोहित गुप्ता के नेतृत्व में बनी प्राधिकरण की इसी टीम ने दो JCB और तीन डंपर के अलावा प्राधिकरण के पुलिस बल के सहयोग से मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माणों और बाउंड्रीवॉल को ध्वस्त कर दिया। इसके साथ ही अधिकारी अवैध कब्जा करने वालों को दोबारा अतिक्रमण करने पर कानूनी कार्रवाई करने की चेतावनी देकर भी आए हैं।

अवैध कब्जाधारियों में मचा हड़कंप, सता रहा डर

प्राधिकरण की इस सख्त कार्रवाई को देख अधिसूचित क्षेत्र में अवैध निर्माण करने वालों में हड़कंप मच गया है। वहीं ग्रेनो प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने परियोजना विभाग को आगे भी अवैध निर्माण कर जमीन कब्जाने वालों के खिलाफ अभियान जारी रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कहा है कि यह अभियान जीरो टॉलरेंस नीति के साथ जारी रहना चाहिए।

ग्रेनो अधिकारी ने आम लोगों को किया सचेत

अतिक्रमण हटाओ अभियान का नेतृत्व कर रहे ग्रेनो प्राधिकरण के ACEO सुमित यादव ने कहा कि अधिसूचित एरिया में कहीं भी अनुमति के बिना निर्माण करना गलत है। प्राधिकरण की तरफ से अवैध निर्माण पर कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि कॉलोनाइजरों के चंगुल में फंसकर अपनी गाढ़ी कमाई न फंसाएं। ग्रेटर नोएडा में कहीं भी जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण के भूलेख विभाग से संपर्क कर पूरी जानकारी जरूर प्राप्त कर लें।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:नई दिल्ली और आसनसोल के लिए होली स्पेशल की घोषणा
ये भी पढ़ें:दिल्ली के 49 गांवों के 500 वर्ग मीटर मकान को प्रॉपर्टी टैक्स से मिलेगी छूट
ये भी पढ़ें:दिल्ली के लोग शुक्रवार को झेलेंगे जलसंकट, 20 से ज्यादा जगहों पर होगी परेशानी

उधर इस अभियान के बारे में सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए GNIDA ने बताया कि 'ग्राम बिसरख के डूब क्षेत्र में आज #GNIDA के वर्क सर्किल-3 की टीम ने अवैध निर्माण को ध्वस्त किया। इस कार्रवाई में लगभग 30,000 वर्ग मीटर अधिसूचित भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया। प्राधिकरण की ओर से अवैध निर्माण के विरुद्ध कार्रवाई जारी रहेगी।'

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।