israel iran conflict many gulf bound flights cancelled from delhi airport दिल्ली से खाड़ी देशों की 40 उड़ानें रद्द, रेस्क्यू फ्लाइट्स को लेकर बड़ा अपडेट, Ncr Hindi News - Hindustan
More

दिल्ली से खाड़ी देशों की 40 उड़ानें रद्द, रेस्क्यू फ्लाइट्स को लेकर बड़ा अपडेट

मध्य पूर्व संकट के कारण 5 मार्च को दिल्ली हवाईअड्डे से आने-जाने वाली कुल 40 उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। हालांकि, विदेश में सीमेंट भारतीयों को सुरक्षित वापस लाने के लिए तीन विशेष उड़ानों के संचालन की योजना है।

Thu, 5 March 2026 05:26 PMKrishna Bihari Singh वार्ता, नई दिल्ली
share
दिल्ली से खाड़ी देशों की 40 उड़ानें रद्द, रेस्क्यू फ्लाइट्स को लेकर बड़ा अपडेट

दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (डायल) ने मध्य पूर्व में जारी तनाव को देखते हुए यात्रियों के लिए एक एडवाइजरी जारी की है। 5 मार्च को दिल्ली एयरपोर्ट से कुल 40 उड़ानें प्रभावित हुई हैं, जिनमें से 22 जाने वाली और 18 आने वाली उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। हालांकि, सरकार और एयरपोर्ट प्रशासन ने विदेश में भारतीय नागरिकों की सुरक्षित वापसी के लिए 3 विशेष उड़ानें संचालित करने की योजना बनाई है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे घर से निकलने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति जरूर जांच लें।

दिल्ली से 3 विशेष उड़ानें चलाने की योजना

डायल की ओर से मध्य पूर्व यात्रा को लेकर जारी अपनी एडवाइजरी में कहा गया है कि 5 मार्च को दिल्ली एयरपोर्ट से जाने वाली 22 और आने वाली 18 उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। वहीं विदेश में फंसे भारतीयों के लिए एक गुड न्यूज भी है। डायल ने कहा है कि विदेश में फंसे भारतीयों को वापस लाने के लिए 3 स्पेशल उड़ानें चलाने की योजना है।

जेद्दा के लिए ये उड़ानें

अकासा एयरलाइन ने बताया कि मुंबई से जेद्दा की उड़ान क्यूपी 561 शाम 7.20 बजे रवाना होगी और वापसी की उड़ान क्यूपी 562 वहां से स्थानीय समय के अनुसार रात 11.55 बजे चलेगी। कंपनी की अबु धाबी, दोहा, रियाद और कुवैत की उड़ानें 7 मार्च तक रद्द रहेंगी। एयर इंडिया 5 मार्च से दिल्ली-जेद्दा के बीच एक और मुंबई-जेद्दा के बीच 2 नियमित उड़ानें शुरू करेगी। एयर इंडिया एक्सप्रेस की बहरीन, कुवैत, कतर, सऊदी अरब और यूएई की उड़ानें अब भी रद्द हैं।

स्पाइसजेट चला रही स्पेशल फ्लाइटें

यूनीवार्ता की रिपोर्ट के अनुसार, खाड़ी देशों में फंसे यात्रियों को निकालने के लिए एयरलाइन स्पाइसजेट गुरुवार को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से 13 विशेष उड़ानें चला रही है। कंपनी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि इन 13 उड़ानों में से 12 फुजैरा से और एक दुबई से आएगी। फुजैरा से 7 उड़ानें मुंबई के लिए और 5 उड़ानें दिल्ली के लिए चलेंगी जबकि दुबई वाली उड़ान मुंबई आएगी। इससे पहले 3 और 4 मार्च को भी स्पाइसजेट ने यूएई से 12 विशेष उड़ानें चलाई थीं जिनसे यात्रियों को दिल्ली, मुंबई और कोच्चि लाया गया था।

क्या बोली एयर इंडिया?

इस बीच एयर इंडिया ने साफ किया है कि उसकी उड़ानें पश्चिम एशिया के प्रतिबंधित हवाई क्षेत्र से होकर आवाजाही नहीं कर रही हैं। एयरलाइन ने सोशल मीडिया पर बताया कि वह सुरक्षित उड़ान के लिए हर समय खुफिया जानकारी और वैश्विक सलाह की निगरानी कर रही है। एयर इंडिया ने उन खबरों को गलत बताया जिनमें कहा गया था कि फ्रैंकफर्ट से दिल्ली आने वाली उसकी उड़ान संख्या एआई 2030 प्रतिबंधित क्षेत्र के ऊपर से निकली थी। एयरइंडिया ने खबरों को गलत बताते हुए उड़ान के रास्ते का ग्राफ भी साझा किया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:ईरान पर हमला और कट रही भारतीयों की जेब; एक फ्लाइट के 9 लाख, हर दिन 700 कैंसिल
ये भी पढ़ें:मिडिल ईस्ट की जंग में फंसे जायरीन, उड़ानें रद्द होने से परेशान
ये भी पढ़ें:आईजीआई एयरपोर्ट से 40 उड़ानें रद्द, फंसे भारतीयों को लाने के लिए विशेष उड़ानों की तैयारी

(हिन्दुस्तान संवाददाता के इनपुट के साथ)

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।