जिस IAS के 'कुत्ता टहलाने' पर खाली होता था स्टेडियम, 3 साल बाद संभालेंगे MCD की कमान
त्यागराज स्टेडियम विवाद से सुर्खियों में आए 1994 बैच के आईएएस अधिकारी संजीव खिरवार को दिल्ली नगर निगम का नया कमिश्नर नियुक्त किया गया है। वह लद्दाख में सेवा देने के बाद अब अश्विनी कुमार की जगह लेंगे।

दिल्ली नगर निगम यानी एमसीडी को नया कमिश्नर मिल गया है। 1994 बैच के सीनियर आईएएस अधिकारी संजीव खिरवार को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने बुधवार को इसकी आधिकारिक अधिसूचना जारी की। खिरवार गुरुवार को पदभार संभालेंगे। खिरवार वही अधिकारी हैं, जिनपर यह आरोप लगा था कि दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम को सिर्फ इसलिए खाली करा दिया जाता था ताकि वो अपना कुत्ता टहला सकें।
तीन साल बाद दिल्ली में वापसी
यह नियुक्ति तीन साल से अधिक समय बाद हुई है। साल 2022 में खिरवार का नाम त्यागराज स्टेडियम विवाद में सुर्खियों में आया था। आरोप थे कि स्टेडियम में ट्रेनिंग कर रहे खिलाड़ियों और कोचों को शाम 7 बजे मैदान छोड़ना पड़ता था, क्योंकि खिरवार और उनकी आईएएस पत्नी रिंकू दुग्गा अपने कुत्ते को टहलाने आते थे। खिलाड़ियों का कहना था कि वे आमतौर पर रात 8:30 बजे तक प्रैक्टिस करते थे, लेकिन इस वजह से उनकी दिनचर्या प्रभावित हो रही थी। एक वीडियो भी सामने आया था, जिसमें दोनों पति-पत्नी ट्रैक पर कुत्ते के साथ चलते दिख रहे थे।
हालांकि खिरवार ने इन आरोपों को पूरी तरह गलत बताया था। स्टेडियम प्रशासन ने भी कहा कि आधिकारिक समय शाम 7 बजे तक ही था। फिर भी विवाद बढ़ने पर गृह मंत्रालय ने जांच कराई और रिपोर्ट के आधार पर खिरवार को लद्दाख ट्रांसफर कर दिया गया। उनकी पत्नी को अरुणाचल प्रदेश भेजा गया, जहां बाद में उन्हें 2023 में अनिवार्य सेवानिवृत्ति दे दी गई। लद्दाख में खिरवार ने स्वास्थ्य और मेडिकल एजुकेशन जैसे महत्वपूर्ण विभाग संभाले।
विवाद के बाद क्या बदला?
विवाद के बाद तत्कालीन दिल्ली मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आदेश दिया था कि दिल्ली सरकार द्वारा संचालित सभी खेल सुविधाएं रात 10 बजे तक खिलाड़ियों के लिए उपलब्ध रहेंगी। अब AGMUT कैडर के बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत खिरवार दिल्ली लौटे हैं। एमसीडी कमिश्नर के रूप में उनकी जिम्मेदारी काफी बड़ी होगी। खिरवार 1992 बैच के आईएएस अधिकारी अश्विनी कुमार की जगह लेंगे, जिन्हें हाल ही में जम्मू-कश्मीर ट्रांसफर कर दिया गया था।




साइन इन