मैंने अरविंद केजरीवाल को चेतावनी दी थी कि…; BJP में शामिल होने वाले AAP सांसद का बड़ा दावा
आम आदमी पार्टी छोड़कर बीजेपी में शामिल होने वाले सात सांसदों में से एक विक्रम साहनी ने बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने बताया है कि कुछ दिनों पहले उन्होंने अरविंद केजरीवाल से मुलाकात की थी और सांसदों की योजना के बारे में बताया था।

आम आदमी पार्टी छोड़कर बीजेपी में शामिल होने वाले सात सांसदों में से एक विक्रम साहनी ने बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने बताया है कि कुछ दिनों पहले उन्होंने अरविंद केजरीवाल से मुलाकात की थी और सांसदों की योजना के बारे में बताया था। उन्होंने बताया कि मैंने केजरीवाल को चेतावनी भी दी थी कि अगर एक दो सासंद भी पार्टी छोड़ने के लिए के लिए तैयार हो जाते हैं तो दो तिहाई बहुमत का आंकड़ा पूरा हो जाएगा।
एनडीटीवी को दिए इंटरव्यू में साहनी ने कहा, मैंने केजरीवाल से कहा कि अगर एक-दो सांसद भी इस्तीफा दे दें, तो सिर्फ पांच और सांसदों से दो-तिहाई बहुमत हासिल हो जाएगा। उन्होंने आगे कहा, केजरीवाल को इस बात पर विश्वास नहीं था कि संदीप पाठक भी इस्तीफा दे देंगे। अगले दिन मुझे पता चला कि संदीप पाठक और अन्य लोग भी भाजपा में जा रहे हैं। तब मैंने सोचा कि पंजाब की बेहतरी के लिए मुझे भी आगे बढ़ जाना चाहिए।
'राघव चड्ढा और संदीप पाठक को साइडलाइन कर दिया'
वहीं साहनी ने पीटीआई से बात करते हुए सासंदों के इस कदम की वजह बताई। उन्होंने कहा, 2022 के पंजाब चुनावों में, जहां पार्टी को ऐतिहासिक जनादेश मिला, संदीप पाठक और राघव चड्ढा ने टिकट वितरण, उम्मीदवार चयन और रणनीति बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। लेकिन जब उन्हें साइडलाइन कर दिया गया, तो वे निराश हो गए। फिर, पिछले दो सालों में, खास तौर से दिल्ली चुनाव हारने के बाद, एक नई टीम ने कमान संभाली। पाठक जी हमें यही बताया करते थे। जब राघव जी को उपनेता पद से हटाया गया, तो स्थिति और बिगड़ गई। अगले ही दिन उन्होंने एक वीडियो जारी किया। कहीं न कहीं, इन दो प्रमुख नेताओं को दरकिनार किए जाने और उनकी अनदेखी से बढ़ती हुई निराशा पैदा हुई, जो सबमें फैलती चली गई। उन्होंने हम जैसे अन्य सांसदों से बात की, और यह साफ हो गया कि सभी में असंतोष था। हमें लगा कि हम पंजाब की उस तरह से सेवा नहीं कर पा रहे हैं जिस तरह से हमें करनी चाहिए।
स्वाति मालीवाल ने क्या कहा?
आम आदमी पार्टी से बगावत कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हुईं स्वाति मालीवाल ने शनिवार को आरोप लगाया कि उनकी पूर्व पार्टी अपने मूल सिद्धांतों से भटक गई है और इसके नेता अरविंद केजरीवाल अब पहले जैसे नहीं हैं। दिल्ली में सत्ता गंवाने के महज एक साल बाद 'आप' को शुक्रवार को उस समय सबसे बड़ा झटका लगा, जब राघव चड्ढा और मालीवाल समेत सात राज्यसभा सदस्यों ने एक साथ पार्टी छोड़ दी। बागियों में पार्टी संगठन के अहम चेहरे संदीप पाठक, पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह, अशोक मित्तल, राजिंदर गुप्ता और विक्रम साहनी भी शामिल हैं।
भाजपा में शामिल होने के बाद मालीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्णायक और मजबूत नेतृत्व की तारीफ की। मालीवाल ने कहा, मैंने घर छोड़ा, सात साल झुग्गियों में रही, नौकरी छोड़ी और हर आंदोलन में साथ दिया। लेकिन जब केजरीवाल के घर उनके सहयोगी ने मुझ पर हमला किया और मैंने प्राथमिकी दर्ज कराने की कोशिश की, तो मुझे ही दबाया गया।




साइन इन