10 साल के बच्चे ने खून देखकर मचाया शोर; दिल्ली में मां और तीन बेटियों की बेरहमी से हत्या
दिल्ली के समयपुर बादली के चंदन पार्क इलाके में बुधवार सुबह एक महिला और उसकी तीन मासूम बेटियों की गला रेतकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद से महिला का पति फरार है।

दिल्ली के समयपुर बादली के चंदन पार्क इलाके में बुधवार सुबह एक महिला और उसकी तीन मासूम बेटियों की गला रेतकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद से महिला का पति फरार है। भागते हुए आरोपी का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है और उसका मोबाइल फोन भी बंद बताया जा रहा है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतकों में 30 वर्षीय अनीता और उसकी पांच, चार और तीन साल की तीन बेटियां शामिल हैं। जिले के डीसीपी हरेश्वर वी स्वामी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पति मुनचुन केवट पर संदेह है। आशंका है कि वारदात से पहले चारों को नशीला पदार्थ दिया गया और बेहोशी की हालत में हत्या की गई। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और खाने-पीने के सामान के नमूने जांच के लिए कब्जे में लिए हैं।
अनीता परिवार सहित गली नंबर-तीन, चंदन पार्क में किराए के कमरे में रहती थी। मुनचुन मूल रूप से बिहार के पटना और अनीता गया की रहने वाली थी। मुनचुन के तीन भाई पास में ही रहते हैं और आजादपुर मंडी में अदरक का कारोबार करते हैं। बुधवार सुबह करीब साढ़े सात बजे 10 वर्षीय भतीजे अंकित ने कमरे में चारों के खून से सने शव देखकर शोर मचाया। सूचना पर पुलिस पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए बाबू जगजीवन राम अस्पताल भेजा। हत्या के कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है। फरार पति की तलाश में पुलिस की छह टीमें दिल्ली, बिहार, यूपी और हरियाणा में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
अनीता की जेठानी ने बताया कि रात को हम बच्चों के साथ खेलकर गए थे। कभी नहीं सोचा था कि आखिरी बार देख रहे हैं। परिवार में किसी तनाव की जानकारी नहीं थी। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है। फरार पति की तलाश में पुलिस की कई टीमें जुटी हैं और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
आठ महीने पहले ही बिहार से दिल्ली आया था परिवार
आठ माह पहले ही परिवार ने बिहार से दिल्ली आया था। पुलिस को शक है कि चारों को पहले नशीला पदार्थ देकर बेहोश किया गया और फिर हत्या की गई, क्योंकि इतनी बड़ी घटना के बावजूद किसी ने चीखने-चिल्लाने की आवाज नहीं सुनी। स्थानीय लोगों का कहना है कि परिवार बेहद शांत स्वभाव का था। पति-पत्नी के बीच कभी झगड़ा नहीं देखा गया। बुधवार सुबह जब घटना का खुलासा हुआ तो हर कोई सन्न रह गया। किसी को यकीन नहीं हो रहा कि फरार पति ऐसा कदम उठा सकता है।
घर से सटे दो अन्य कमरों में भी परिवार रहते हैं, लेकिन रात में किसी ने कोई शोर नहीं सुना। न झगड़े की आवाज, न किसी तरह की हलचल। इसी आधार पर बेहोश कर वारदात अंजाम देने की आशंका जताई जा रही है। एक पड़ोसी ने बताया कि अनीता का परिवार मिलनसार था। बच्चे आसपास के घरों में खेलते थे। मुनचुन भी सभी से ठीक व्यवहार करता था। पड़ोसियों ने बताया कि मंगलवार रात पति-पत्नी साथ में सब्जी लेकर लौटे थे। रोज की तरह मुनचुन तड़के मंडी जाने वाला था। लेकिन सुबह जब दरवाजा नहीं खुला तो शक हुआ।




साइन इन