दिल्ली की गर्मी से पर्यटन पर ब्रेक! लालकिला और कुतुब मीनार में घटे सैलानी; चिड़ियाघर में 60% की कमी
राजधानी में पारा चढ़ने के साथ ही दिल्ली के पर्यटन स्थलों की रौनक फीकी पड़ती जा रही है। भीषण गर्मी और लू के चलते लालकिला, कुतुब मीनार और सफदरजंग के मकबरे जैसे प्रमुख स्मारकों पर आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों की संख्या में भारी गिरावट दर्ज की गई है।

राजधानी दिल्ली में गर्मी बढ़ने के चलते पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की संख्या में कमी देखने को मिल रही है। देसी ही नहीं विदेशी पर्यटक भी कम पहुंच रहे हैं। लालकिला, कुतुब मीनार, सफदरजंग का मकबरा और जंतर-मंतर सहित कई स्मारकों में पर्यटकों की संख्या में कमी दर्ज की जा रही है। इसके अलावा चिड़ियाघर में दर्शकों की संख्या में लगभग 60 फीसदी की कमी आई है। कुतुब मीनार देसी-विदेशी पर्यटकों से गुलजार रहता था, लेकिन गर्मी बढ़ने से यहां यह संख्या आधी रह गई है। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के मुताबिक, कुतुब मीनार में जहां रोज सात से आठ हजार पर्यटक आते थे, वहीं अब यह संख्या 3500 से चार हजार रह गई है।
सफदरजंग का मकबरा में करीब 200 पर्यटक ही इस स्मारक का दीदार करने पहुंच रहे हैं। गर्मी से पहले यहां रोज 500 से 600 पर्यटक पहुंचते थे। रोहिणी से स्मारक घूमने आए आदर्श झा ने बताया कि दोस्तों के साथ घूमने की बहुत पहले से योजना बनाई थी, लेकिन रविवार को मौका मिला। हालांकि, तेज गर्मी के चलते वह जल्दी घर लौट रहे हैं।
शाम के समय आ रहे पर्यटक
आमतौर पर इन स्थलों पर सुबह से शाम तक पर्यटकों की भीड़ रहती है, लेकिन इन दिनों दोपहर के समय काफी कम लोग नजर आए। अधिकारियों का कहना है कि शाम के समय ही पर्यटक इन दिनों ऐतिहासिक स्मारकों में आना पसंद कर रहे हैं।
चिड़ियाघर आने वाले भी घटे
चिड़ियाघर में भी दर्शकों की संख्या में कमी देखने को मिली है। यहां सप्ताहांत में करीब दो हजार दर्शक पहुंच रहे हैं। जबकि गर्मी शुरू होने से पहले सप्ताहांत में यह संख्या 10 से 12 हजार दर्शकों की थी। उधर, कार्य दिवस में यह संख्या एक हजार से 1500 के बीच रह गई है।
दिल्ली में मौसम की सबसे गर्म रात दर्ज, बारिश का येलो अलर्ट जारी
बता दें कि, दिल्ली-एनसीआर में इन दिनों गर्मी अपने चरम पर है। भाषा की रिपोर्ट के मुताबिक, राजधानी में मौसम की सबसे ‘गर्म रात’ दर्ज किए जाने के बीच, कुछ इलाकों में मंगलवार को गरज-चमक के साथ बारिश का 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है। मौसम संबंधी आंकड़ों के अनुसार, कई केंद्रों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.6 से 5.4 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया, जो 'गर्म रात' की स्थिति को दर्शाता है।
कब मानी जाती है गर्म रात
मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, 'गर्म रात' तब मानी जाती है जब अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक हो और न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.5 से 6.4 डिग्री सेल्सियस ऊपर बना रहे। केंद्रवार आंकड़ों के मुताबिक, सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.6 डिग्री अधिक था। पालम में 27.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया जो सामान्य से 2.5 डिग्री अधिक रहा। लोधी रोड में तापमान सामान्य से 3.6 डिग्री अधिक 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि रिज में सामान्य से 1.3 डिग्री अधिक 26.2 डिग्री सेल्सियस रहा। आयानगर में तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.4 डिग्री अधिक रहा।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, मंगलवार को अधिकतम तापमान 39 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। साथ ही, चक्रवाती परिसंचरण के कारण गरज-चमक के साथ बारिश का भी पूर्वानुमान है। इस बीच, दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 196 दर्ज किया गया, जो 'मध्यम' श्रेणी में आता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक, एक्यूआई शून्य से 50 के बीच 'अच्छा', 51 से 100 'संतोषजनक', 101 से 200 'मध्यम', 201 से 300 'खराब', 301 से 400 'बहुत खराब' और 401 से 500 'गंभीर' श्रेणी में माना जाता है।




साइन इन