पलवल में मां-बेटी की पीटकर हत्या, 3 महीने के मासूम को लेकर कातिल पिता फरार
हरियाणा के पलवल जिले के गांव किठवाड़ी में एक शख्स ने अपनी 23 वर्षीय पत्नी और 4 वर्षीय बेटी की पीट-पीट कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी 3 माह के नवजात बेटे को लेकर घर से फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी मच गई है।

हरियाणा के पलवल के किठवाड़ी गांव में दहेज के लालच में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गांव में एक व्यक्ति ने अपनी 23 साल की पत्नी और 4 साल की मासूम बेटी की पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी अपने 3 महीने के नवजात बेटे को लेकर फरार हो गया। मृतका के परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले जमीन, स्कॉर्पियो गाड़ी और 25 लाख रुपये की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित कर रहे थे।
पति और सास-ससुर सहित 6 के खिलाफ केस
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतका मिथलेश के भाई की शिकायत पर पति और सास-ससुर सहित 6 लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल भिजवा दिया।
दहेज में जमीन, स्कॉर्पियो गाड़ी और 25 लाख के लिए कर रहे थे तंग
यूपी के जिला मथुरा के गांव कामर गढ़ी निवासी नरवीर ने चांदहट थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी बहन मिथलेश की शादी वर्ष 2020 में पलवल जिले के गांव किठवाड़ी निवासी धर्मवीर पुत्र दयाचंद के साथ हुई थी।
पहले भी पुलिस में शिकायत दर्ज
शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग मिथलेश को दहेज में जमीन, एक स्कॉर्पियो गाड़ी एवं 25 लाख रुपए नकदी की मांग को लेकर प्रताड़ित करते थे उनके साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी देते थे। जब मिथलेश पलवल सामान्य अस्पताल में बेटे को जन्म देने के बाद एडमिट थी तो मेरे छोटे भाई और मेरी मां मिथलेश को देखने के लिए हॉस्पिटल आए थे। वहां भी आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की थी जिस संबंध में भी पहले भी शिकायत पुलिस में दर्ज है।
दोनों के शरीर पर चोटों के गहरे निशान
नरवीर ने बताया कि 25 अप्रैल को फोन से मेरी बहन व मेरी 4 वर्षीय भांजी के मृत होने की सूचना मिली जब हम उसकी ससुराल किठवाड़ी पहुंचे तो बहन और भांजी मृत अवस्था में पड़ी थी और उनके शरीर पर चोटों के गहरे निशान थे। कान व नाक से खून बह रहा था। साथ ही बहन के शरीर पर कोई गहना नहीं था और उसके ससुराल पक्ष के सभी लोग फरार थे।
मृतका का 3 महीने का नवजात बेटा लापता
शिकायत के अनुसार, मृतका का 3 महीने का नवजात बेटा भी लापता है। चांदहट थाना प्रभारी हरिकृष्ण ने बताया कि मृतका के भाई नरवीर की शिकायत पर पति धर्मवीर उर्फ धर्मु, देवर कर्मवीर सास प्रेमवती, ससुर दयाचंद नंद रेखा और अनीता के खिलाफ दहेज हत्या संबंधी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।




साइन इन