जेवर एयरपोर्ट तक दौड़ेंगी हरियाणा रोडवेज की बसें, इन 3 रूटों पर हुआ सर्वे
हरियाणा रोडवेज ने जेवर में बने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक सीधी बस सेवा शुरू करने की दिशा में कवायद तेज कर दी है। पलवल, गुरुग्राम और फरीदाबाद के बल्लभगढ़ डिपो के महाप्रबंधकों की संयुक्त टीम ने प्रस्तावित रूट का विस्तृत सर्वे कर लिया है।

हरियाणा रोडवेज ने जेवर में बने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक सीधी बस सेवा शुरू करने की दिशा में कवायद तेज कर दी है। पलवल, गुरुग्राम और फरीदाबाद के बल्लभगढ़ डिपो के महाप्रबंधकों की संयुक्त टीम ने प्रस्तावित रूट का विस्तृत सर्वे कर लिया है। अब सर्वे रिपोर्ट सरकार को सौंपे जाने की तैयारी है, जिसके बाद मंजूरी मिलते ही इन रूटों पर सेवा शुरू की जाएगी।
पलवल रोडवेज डिपो के महाप्रबंधक जितेंद्र यादव के नेतृत्व में किए गए इस सर्वे में गुरुग्राम और बल्लभगढ़ डिपो के अधिकारी भी शामिल रहे। टीम ने सड़क की स्थिति, दूरी, संभावित स्टॉपेज, ट्रैफिक व्यवस्था और यात्रियों की सुविधा से जुड़े तमाम पहलुओं का गहन निरीक्षण किया। अधिकारियों ने यह भी देखा कि किस रूट पर बस सेवा ज्यादा प्रभावी और समय बचाने वाली साबित होगी।
पलवल रोडवेज डिपो के महाप्रबंधक जितेंद्र यादव ने बताया कि सर्वे का काम लगभग पूरा हो चुका है और 6 अप्रैल को इस संबंध में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में सर्वे रिपोर्ट पर चर्चा कर अंतिम रूप दिया जाएगा, जिसके बाद इसे सरकार के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। इसके बाद अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
जाम से राहत मिलेगी
पलवल रोडवेज डिपो के महाप्रबंधक जितेंद्र यादव के अनुसार, बल्लभगढ़, पलवल और फरीदाबाद से जेवर एयरपोर्ट की दूरी लगभग 40 किलोमीटर है, जिसे बस के माध्यम से करीब 30 मिनट में तय किया जा सकेगा। इस रूट परजाम की समस्या भी नहीं के बराबर है, जिससे यात्री सुगम सफर का अनुभव करेंगे।
गुरुग्राम से भी बस सेवा
महाप्रबंधक जितेंद्र यादव ने बताया कि भविष्य में जेवर एयरपोर्ट से कुछ उड़ानें संचालित होंगी, जबकि कई उड़ानें दिल्ली एयरपोर्ट से जारी रहेंगी। इसी को ध्यान में रखते हुए गुरुग्राम से भी जेवर एयरपोर्ट के लिए बस सेवा शुरू करने की योजना बनाई जा रही है।
रोजाना हजारों यात्रियों को लाभ मिलेगा
यदि योजना के अनुसार, सभी प्रक्रियाएं पूरी हो जाती हैं, तो जल्द ही पलवल, गुरुग्राम और बल्लभगढ़ से जेवर एयरपोर्ट तक बस सेवा शुरू हो सकती है। इससे रोजाना हजारों यात्रियों को सुरक्षित, सस्ता और सुगम परिवहन मिलेगा।




साइन इन