गुरुग्राम से 30 किमी दूर बड़ा हादसा; दीवार गिरने से 7 मजदूरों की मौत, मलबे में कई फंसे
गुरुग्राम से 30 किलोमीटर दूर सिधरावली में एक बड़ा हादसा हो गया है। बेसमेंट खुदाई के दौरान मिट्टी ढहने से 7 मजदूरों की मौत हो गई जबकि 4 अन्य घायल हो गए हैं। प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं।

गुरुग्राम से करीब 30 किलोमीटर दूर सिधरावली में एक निर्माणाधीन साइट पर बेसमेंट की खुदाई के दौरान मिट्टी धंसने से बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में 7 मजदूरों की मौत हो गई है जबकि 4 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को भिवाड़ी के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मलबे में अभी भी कुछ और लोगों के दबे होने की आशंका है। राहत और बचाव का काम जारी हैं। सुरक्षा मानकों में लापरवाही की आशंका जताते हुए प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं।
बेसमेंट की खुदाई के दौरान हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुग्राम से करीब 30 किलोमीटर दूर सिधरावली में सिग्नेचर ग्लोबल की प्लाटेड कॉलोनी में सोमवार की रात को बेसमेंट की खुदाई हो रही थी। इसी दौरान मिट्टी ढ़हने से बड़ा हादसा हो गया।
7 मजदूरों की मौत, 4 जख्मी
मलबे की चपेट में आने के कारण 7 मजदूरों की मौत हो गई जबकि चार अन्य घायल हो गए हैं। यही नहीं 4 से 5 मजदूरों के मलबे में दबे होने की आशंका है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
अचानक गिरा मलबा
साइट पर बेसमेंट खोदने का निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान अचानक मिट्टी का बड़ा हिस्सा ढह गया और वहां काम कर रहे मजदूर उसके नीचे दब गए। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंच गए और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।
बचाच के काम में लगाई गई जेसीबी मशीनें
घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने 7 मजदूरों को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का इलाज चल रहा है। प्रशासन की टीम और दमकल कर्मियों ने जेसीबी और अन्य मशीनों की मदद से मलबा हटाकर फंसे मजदूरों को निकालने का काम किया।
हादसे की जांच के आदेश
सुरक्षा मानकों में लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच में यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद स्थानीय लोगों और श्रमिकों में रोष देखा जा रहा है।
मृतक और घायल यूपी और नेपाल के निवासी
इस बीच प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हर संभव मदद देने का भरोसा दिया है। एम्बुलेंस की मदद से घायल मजदूरों को राजस्थान के भिवाड़ी स्थित जिला अस्पताल ले लाया गया। जहां डॉक्टरों ने सतीश, भागीरथ, मिलन, मंगोल, शिव शंकर, परमेश्वर समेत 7 मजदूरों को मृत घोषित कर दिया, जबकि 4 मजदूर छोटेलाल, शिवकांत, दीन दयाल, इंद्रजीत की हालत गंभीर है। इनका अस्पताल में ही इलाज चल रहा है। मृतक और घायल मजदूर यूपी और नेपाल के रहने वाले हैं।




साइन इन