गुरुग्राम में सरकारी स्कूल में मिली खून से सनी लाश, नजारा देख टीचरों के होश उड़े
गुरुग्राम के एक सरकारी स्कूल के स्टाफ के होश उस समय उड़ गए जब उन्होंने क्लासरूम में खून से सनी एक लाश देखी। शुक्रवार को टीचर और स्टाफ जब स्कूल पहुंचे तो एक क्लासरूम के फर्श पर युवक की लाश पड़ी मिली। फर्श पर काफी खून फैला हुआ था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

हरियाणा के गुरुग्राम में एक सरकारी स्कूल के स्टाफ के होश उस समय उड़ गए जब उन्होंने क्लासरूम में खून से सनी एक लाश देखी। फर्श पर काफी खून फैला हुआ था। राजकीय माध्यमिक विद्यालय हेलीमंडी में शुक्रवार सुबह जब टीचर्स और स्टाफ स्कूल पहुंचे तो एक क्लासरूम के फर्श पर एक युवक का शव पड़ा देखा। शव देखकर टीचर्स घबरा गए। थोड़ी देर के लिए स्कूल में अफरातफरी मच गई। तुरंत शिक्षा विभाग और पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।
सिर पर किसी भारी चीज से वार
स्कूल में लाश मिलने की सूचना मिलते ही स्कूल के बाहर भीड़ लग गई। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लिया और घटनास्थल से जुड़े एरिया को सील कर दिया। फर्श पर काफी खून फैला हुआ था। युवक के सिर पर किसी भारी चीज से मार कर उसकी हत्या की गई थी। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से सबूत इकट्ठे किए।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने टीचर्स और स्टाफ से मामले की जानकारी ली। मृत युवक की पहचान उत्तर प्रदेश के ललितपुर के रहने वाले 20 साल के रवि के रूप में हुई है। पुलिस मृतक के परिवार वालों से संपर्क करने में लगी हुई है। खबर लिखे जाने तक पुलिस का परिवार वालों से संपर्क नहीं हो पाया था। युवक ललितपुर से यहां कैसे आया, किसके साथ आया और कब आया, इन सवालों के जवाब के लिए पुलिस आसपास के सीसीटीवी खंगाल रही है।
पटौदी के सरकारी स्कूल में भी मिली थी लाश
ठीक ऐसी ही एक घटना पिछले साल अगस्त में पटौदी थाना क्षेत्र के जाटोली स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय में हुई थी। यहां भी 20 साल के ही युवक की हत्या भी इसी तरीके से की गई थी। किसी भारी वस्तु से सिर पर वार कर हत्या करने के बाद उसकी लाश टॉयलेट में छिपा दिया गया था। दोनों आरोपी अभी जेल की सलाखों के पीछे हैं। उस घटना में मृत युवक की पहचान जाटोली गांव के 20 साल के कर्ण सिंह के रूप में हुई थी। वह परिजनों को हरिद्वार जाने की बात कहकर घर से निकला था।
दोनों आरोपी जेल की सलाखों के पीछे
पुलिस ने इस मामले में जटोली गांव के ही रहने वाले आकाश और शिवकुमार को गिरफ्तार किया था। दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल करते हुए पुलिस को बताया था कि कर्ण सिंह की हत्या उन्होंने कैंची और पत्थर से की थी। हत्या करने के बाद आरोपियों ने शव को बाथरूम में छिपा दिया था। इसके बाद दोनों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या के लिए इस्तेमाल किए गए हथियार को भी बरामद कर लिया था। दोनों आरोपी अभी जेल की सलाखों के पीछे हैं।




साइन इन