SDM करेंगे LPG स्टॉक की निगरानी; गुरुग्राम में प्रशासन हुआ सख्त, ऑनलाइन बुकिंग की अपील
एलपीजी सिलेंडरों के स्टॉक और वितरण की निगरानी के लिए डिप्टी कमिश्नर की अध्यक्षता में एक जिला स्तरीय समिति बनाई गई है। मार्च महीने में अब तक उपभोक्ताओं को लगभग 3.28 लाख घरेलू सिलेंडर वितरित किए जा चुके हैं।

गुरुग्राम के डिप्टी कमिश्नर अजय कुमार ने सोमवार को घरेलू उपभोक्ताओं से व्हाट्सएप, आईवीआरएस और मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से एलपीजी सिलेंडर बुक करने की अपील की। इसके साथ ही उन्होंने सब डिविजनल मजिस्ट्रेट को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने एरिया में एलपीजी स्टॉक की निगरानी करें। डिप्टी कमिश्नर ने शहर में एलपीजी स्टॉक को लेकर एक बैठक भी की जिसमें उन्होंने अधिकारियों को कहा कि एलपीजी सिलिंडर की उपलब्धता और वितरण से संबंधित डेली रिपोर्ट तैयार की जाए।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, कुमार ने कहा कि जिले में घरेलू उपभोक्ताओं को एलपीजी की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है। जिले में गैस की आपूर्ति करने वाली सभी पेट्रोलियम कंपनियों ने व्हाट्सएप, आईवीआरएस और मोबाइल एप्लीकेशन के जरिए बुकिंग सुविधाएं बहाल कर दी हैं और और पिछले दो दिनों में कमर्शियल सिलिंडर की आपूर्ति भी फिर से शुरू हो गई है। बैठक में जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक अशोक रावत ने बताया कि बीते दो दिनों में 17,725 कमर्शियल सिलिंडर का वितरण किया जा चुका है। वहीं मार्च महीने में अब तक उपभोक्ताओं को लगभग 3.28 लाख घरेलू सिलेंडर वितरित किए जा चुके हैं।
दो से तीन दिनों के भीतर सिलेंडर मिल रहे
वर्तमान में जिले में 58 गैस एजेंसी उपभोक्ताओं को एलपीजी सिलेंडर डिलीवर कर रही हैं। ऑनलाइन बुकिंग के बाद उपभोक्ताओं को दो से तीन दिनों के भीतर सिलेंडर मिल रहे हैं। डिप्टी कमिश्नर ने निर्देश दिया कि अस्पतालों, हॉस्टल वाले शैक्षणिक संस्थानों, लड़कियों की शादियों और स्पोर्ट्स एकेडमी को प्राथमिकता के आधार पर सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएं।
उन्होंने यह भी कहा कि गैस आपूर्ति का 20 प्रतिशत हिस्सा रिजर्व रखा जाना चाहिए। एलपीजी सिलेंडरों के स्टॉक और वितरण की निगरानी के लिए डिप्टी कमिश्नर की अध्यक्षता में एक जिला स्तरीय समिति बनाई गई है।
एलपीजी की कमी की अफवाहों पर ध्यान न दें
समिति में सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस स्तर के एक अधिकारी, मुख्यमंत्री कार्यालय, जिला शिक्षा अधिकारी और जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक को सदस्य सचिव नियुक्त किया गया है। डिप्टी कमिश्नर अजय कुमार ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे एलपीजी की कमी की अफवाहों पर ध्यान न दें और ऑनलाइन या अन्य माध्यमों से अपने सिलेंडर बुक करें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन