नूंह में कुंडली मानेसर पलवल एक्सप्रेसवे पर आपस में टकराईं गाड़ियां, 2 जिंदा जले
नूंह में रविवार को सुबह के वक्त कुंडली मानेसर पलवल (KMP) एक्सप्रेसवे पर कई गाड़ियों के टकराने से भयानक हादसा हुआ। इसमें एक ट्रक ड्राइवर समेत दो लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई।

नूंह में रविवार सुबह घने कोहरे के कारण केएमपी एक्सप्रेसवे पर कई गाड़ियां आपस में टकरा गईं। इससे भीषण आग लग गई। हादसे में राजस्थान के एक ट्रक ड्राइवर और हेल्पर की जलकर मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। इससे पीछे आ रही गाड़ियां भिड़ गईं। इससे दो ट्रकों में आग लग गई। फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान एक्सप्रेसवे पर घंटों लंबा जाम लगा रहा।
दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
पुलिस ने बताया कि सुबह करीब 7:30 बजे हुए हादसे के कारण लंबा ट्रैफिक जाम लग गया और एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक बुरी तरह प्रभावित हुआ। सबरस और गुढ़ी गांवों के बीच घटनास्थल पर तीन फायर ब्रिगेड की गाड़ियां बुलाई गईं। दमकल की गाड़ियों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पुलिस को नाकाबंदी हटाने और ट्रैफिक बहाल करने में कुल चार घंटे का समय लग गया।
अचानक ब्रेक लगने से हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसा तब हुआ जब क्रशर ले जा रहे एक ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। घने कोहरे के कारण चार अन्य गाड़ियां उससे टकरा गईं। टक्कर के बाद बीच में मौजूद दो ट्रकों में आग लग गई। इससे ट्रक ड्राइवर और उसमें मौजूद एक अन्य की जिंदा जलकर मौत हो गई।
ड्राइवर और हेल्पर की मौत
जांच अधिकारी एएसआई देवकी नंदन ने बताया कि ट्रक ड्राइवर का नाम राकेश (33) बताया जाता है जो राजस्थान के सीकर के रहने वाले थे। उनके साथ राजस्थान के अलवर के रहने वाले हेल्पर देशराज (28) की भी जिंदा जलकर मौत हो गई। बजरी से लदे दो वाहन भी आग में क्षतिग्रस्त हो गए। पुलिस ने शवों को मोर्चरी में रखवा दिया है। मृतकों के परिवारों को सूचित कर दिया है। एफआईआर दर्ज कर ली गई है। जांच जारी है।




साइन इन