दिल्ली में बारिश का अलर्ट; 30 की स्पीड से चलेगी हवा, अगले 6 दिन कैसा रहेगा मौसम?
Delhi Weather Forecast: दिल्ली में मौसम बदलने वाला है। मौसम विभाग की ओर से दिल्ली में बारिश की चेतावनी जारी की गई है। यह 21 जनवरी को सक्रिय होने वाले पश्चिमी विक्षोभ के कारण होगा।

दिल्ली में बारिश के आसार बन रहे हैं। मौसम विभाग की मानें तो 19 और 21 जनवरी की रात को दो वेस्टर्न डिस्टर्बेंस उत्तर पश्चिम भारत पर ऐक्टिव होंगे। इसका असर दिल्ली के साथ ही एनसीआर के इलाकों पर भी पड़ेगा। दिल्ली में बूंदाबांदी देखी जाएगी। इसके साथ 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड में हवाएं चलेंगी। मौसम विभाग की मानें तो दिल्ली एनसीआर में इस हफ्ते सुबह के वक्त कोहरा भी देखा जाएगा।
रात को रहेगी धुंध
इस बीच दिल्ली में बेहद हल्के बादलों की छिटपुट मौजूदगी देखी जा रही है। दिल्ली में रविवार की सुबह कई जगहों पर हल्का कोहरा और कुछ जगहों पर घना कोहरा देखा गया। दिल्ली में अगले 24 घंटे आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। दिल्ली में रविवार की रात को हल्की धुंध देखी जा सकती है। दिल्ली में रविवार को न्यूनतम तापमान 5 से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया है।
तापमान में बढ़ोतरी
दिल्ली के सफदरजंग मौसम केंद्र ने रविवार को अधिकतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जो सामान्य से 5 डिग्री अधिक है। सफदरजंग केंद्र में ही न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 2.3 डिग्री सेल्सियस कम है। पालम में न्यूनतम तापमान 8.0 डिग्री रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 0.5 डिग्री सेल्सियस अधिक है। कुल मिलाकर दिल्ली में तापमान में बढ़ोतरी देखी गई है।
कल कोहरे का येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने 19 जनवरी यानी सोमवार को दिल्ली के साथ ही एनसीआर में सुबह के समय कई जगहों पर हल्का कोहरा और कुछ जगहों पर घना कोहरा छाने का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। दिल्ली में सोमवार को न्यूनतम तापमान 7 से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया जा सकता है। सोमवार को दिल्ली में दोपहर के वक्त हवा की स्पीड 5 से 10 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है।
23 जनवरी को बारिश, 20 से 30 की स्पीड में हवाएं
मौसम विभाग ने 22 जनवरी को दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा छाने की संभावना जताई है। 23 जनवरी को दिल्ली के साथ ही एनसीआर में मौसम पूरी तरह बदल जाएगा। मौसम विभाग ने दिल्ली में 23 जनवरी को बादल छाने और हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना जताई है। इस दौरान 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से हवाएं चल सकती हैं। सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा छाने का अनुमान है।

24 जनवरी को भी रहेंगे बदरा
मौसम विभाग ने 24 जनवरी को भी दिल्ली में बादलों की आवाजाही बरकरार रहने और सुबह के वक्त हल्का से मध्यम कोहरा छाने की संभावना जताई है। इस दिन दिल्ली में 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से हवाएं चल सकती हैं। दिल्ली में 23 जनवरी को न्यूनतम तापमान 9 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया जा सकता है। एनसीआर के इलाकों में भी इस हफ्ते मौसम कमोबेश दिल्ली जैसा ही रहने का अनुमान है।




साइन इन