गुरुग्राम के साउथ सिटी-1 की बदलेगी सूरत, चमकेगी 50 सड़कें होंगी चकाचक
गुरुग्राम नगर निगम ने साउथ सिटी-1 की खस्ताहाल सड़कों को सुधारने के लिए चार करोड़ रुपये का बजट मंजूर किया है। इसके तहत लगभग 50 सड़कों का पुनर्निर्माण किया जाएगा। इससे इलाके के 2000 से अधिक परिवारों को लाभ मिलेगा।

गुरुग्राम के साउथ सिटी-1 के निवासियों के लिए अच्छी खबर है। नगर निगम ने यहां की खस्ताहाल सड़कों को सुधारने का निर्णय लिया है। इलाके की 50 मुख्य और अंदरूनी सड़कों का नए सिरे से निर्माण किया जाएगा। बिल्डर से नगर निगम के पास आने के बाद यह पहली बड़ी विकास योजना है। लंबे समय से मरम्मत नहीं होने के कारण सड़कों पर गहरे गड्ढे हो गए थे। इससे 2 हजार से अधिक परिवारों को पैदल चलने और वाहन चलाने में भारी परेशानी हो रही थी। निगम जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू करेगा जिससे धूल और हादसों से राहत मिलेगी।
50 सड़कों का नए सिरे से होगा निर्माण
अधिकारियों ने बताया कि गुरुग्राम नगर निगम ने कॉलोनी की टूटी पड़ी मुख्य और अंदरूनी सड़कों की सूरत बदलने का फैसला कर लिया है। योजना के तहत इलाके की करीब 50 सड़कों का नए सिरे से निर्माण किया जाएगा।
4 करोड़ रुपये होंगे खर्च
इस पूरे विकास कार्य को धरातल पर उतारने के लिए लगभग 4 करोड़ रुपये खर्च होंगे। बता दें कि कॉलोनी के नगर निगम के अधीन आने के बाद यह पहला बड़ा मौका है जब निगम की तरफ से यहां की सड़कों को बनाने के लिए इतने बड़े स्तर पर कोई विस्तृत योजना तैयार की गई है।
पूरी तरह से टूट चुके थे रास्ते
इससे पहले कॉलोनी की देखरेख बिल्डर के पास थी, लेकिन जब से इसे नगर निगम को सौंपा गया है, तब से यहां सड़कों के नवनिर्माण का कोई भी बड़ा काम नहीं हुआ था। लंबे समय से मरम्मत न होने के कारण सभी मुख्य रास्ते पूरी तरह से टूट चुके थे और जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए थे। इसके कारण स्थानीय लोगों का वाहन चलाना तो दूर, पैदल चलना भी मुश्किल हो गया था।
दो हजार से अधिक परिवारों को होगा फायदा
साउथ सिटी-1 में रहने वाले लगभग दो हजार से अधिक परिवारों को नगर निगम के इस फैसले से सीधा और बड़ा फायदा पहुंचेगा। पॉश कॉलोनी होने के बावजूद यहां की खस्ताहाल सड़कें हमेशा से लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण रही हैं। बारिश के दिनों में गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क हादसों का डर बना रहता था।
निगम का राहत भरा कदम
धूल उड़ने से लोग बीमार हो रहे थे। स्थानीय लोग लगातार नगर निगम के अधिकारियों से इन सड़कों को जल्द से जल्द बनाने की गुहार लगा रहे थे। निवासियों की इसी लगातार मांग को गंभीरता से लेते हुए निगम ने यह राहत भरा कदम उठाया है। निगम के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, इस चार करोड़ रुपये की बड़ी परियोजना का पूरा खाका तैयार कर लिया गया है।
आवागमन में राहत मिलेगी
नगर निगम की तरफ से जल्द ही इसके लिए टेंडर की कागजी प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। जैसे ही टेंडर का काम पूरा होगा। इसके तुरंत बाद निर्माण कार्य को जमीन पर शुरू कर दिया जाएगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में सड़कें जर्जर होने की वजह से आवागमन में दिक्कत हो रही। अगर इनका निर्माण नए सिरे से होगा तो आवागमन में काफी राहत मिलेगी। खासतौर पर रात के वक्त होने वाले हादसों पर भी अंकुश लगेगा।




साइन इन