गुरुग्राम के मेट्रो स्टेशन से झज्जर के लिए सिटी बस शुरू; जानें रूट-स्टॉप और टाइमिंग
गुरुग्राम महानगर सिटी बस लिमिटेड (जीएमसीबीएल) ने मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन से झज्जर के बादली तक सिटी बस को शुरू किया है। इससे एनसीआर से एम्स, झज्जर में इलाज करवाने जा रहे मरीजों को भी सुविधा मिलेगी।

गुरुग्राम महानगर सिटी बस लिमिटेड (जीएमसीबीएल) ने मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन से झज्जर के बादली तक सिटी बस को शुरू किया है। इससे एनसीआर से एम्स, झज्जर में इलाज करवाने जा रहे मरीजों को भी सुविधा मिलेगी। इस रूट की लंबाई करीब साढ़े 36 किलोमीटर है। शुरुआत में चार सिटी बसें इस नए बस रूट पर उतारी गई हैं। इसे रूट नंबर 155 का नाम दिया गया है। सिटी बसें रोजाना 40 ट्रिप (आना-जाना) इस रूट पर लगाएंगी।
रूट पर अब से पहले नहीं थी सीधी बस
मौजूदा समय में एनसीआर से यदि किसी व्यक्ति को एम्स, झज्जर की तरफ जाना होता है तो उसके लिए कोई सीधी बस नहीं है। मेट्रो के माध्यम से मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन पहुंचने के बाद सिटी बस, ऑटो या टैक्सी की मदद से बस अड्डा पहुंचता है। यहां से फिर झज्जर के लिए उसे रोडवेज बस का इंतजार करना पड़ता है। इस मामले में हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी के समक्ष शिकायत पहुंचीं थी। उन्होंने हरियाणा मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन से एम्स, झज्जर तक सिटी बस चलाने के निर्देश दिए थे।
क्या रहेगा बस का समय
यह बस सेवा सुबह 6.40 बजे से शुरू हो जाएगी। इसके बाद सुबह 7.10, 7.30, 7.50, 10.05, 10.35, 10.55, 11.15 पर बस जाएगी। बादली से सुबह 8.10, 8.40, 9.00, 9.20, 11.35, 12.05, 12.25, 12.45 से यह बस वापस आएगी। शाम के समय यह अपडाउन करेगी।
यहां रुकेगी यह बस
बस रूट में 39 स्टॉप होंगे, जिसमें सेक्टर-29 पुलिस स्टेशन, मिलेनियम प्लाजा, इफ्को चौक मेट्रो स्टेशन, इफ्को चौक, सुखराली, सेक्टर 14 आईडीसी, कैनाल कॉलोनी, आईटीआई कॉलोनी, ओल्ड डीएलएफ के साथ अन्य स्टॉप शामिल हैं।
गड्ढों की वजह से दिक्कत
मुख्य सचिव ने यह आदेश एक महीने पहले जारी किए थे। धनकोट के आसपास सड़कों की बदतर हालत के चलते जीएमसीबीएल की तरफ से इस मार्ग पर सिटी बस का संचालन नहीं किया जा रहा था। अब गड्ढों के भरने से बुधवार से सिटी बसों को आवागमन शुरू कर दिया है।
विश्वजीत चौधरी, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जीएमसीबीएल, ''मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन से बादली, झज्जर तक सिटी बस सेवा को शुरू कर दिया है। शुरुआत में चार सिटी बसों का संचालन शुरू किया है। सवारियों की संख्या बढ़ने के बाद बसों की संख्या में इजाफा किया जाएगा। एम्स, झज्जर जाने वाले लोगों को भी राहत मिलेगी।''
सोसाइटी के बाहर स्पीड ब्रेकर बनेंगे
वहीं, जीएमडीए की तरफ से गुरुग्राम सेक्टर-69-70 को विभाजित कर रही मुख्य सड़क पर सेक्टर-69 स्थित ट्यूलिप वॉलेट सोसाइटी के बाहर स्पीड ब्रेकर का निर्माण किया जाएगा। यह जानकारी इस सोसाइटी की आरडब्ल्यूए की पूर्व अध्यक्ष पूजा मिश्रा आनंद ने दी। उन्होंने बताया कि इस सोसाइटी के समीप तेजी से वाहन निकलते हैं।




साइन इन