गुरुग्राम के अंबेडकर चौक पर 2 साल में बनेगा फ्लाईओवर, ये होगा रूट; 32 करोड़ आएगी लागत
गुरुग्राम में अंबेडकर चौक पर करीब 32 करोड़ रुपये की लागत से एक नया फ्लाईओवर बनाया जाएगा, जो कि दो साल में बनकर तैयार होगा। जीएमडीए ने गुरुवार को इसके लिए टेंडर जारी कर दिया। इसके बनने के बाद इस चौराहे पर आवागमन आसान हो जाएगा।

गुरुग्राम में अंबेडकर चौक (सेक्टर-45-46-51-52 चौक) पर फ्लाईओवर निर्माण के लिए गुरुवार को गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने टेंडर जारी कर दिया। इसके निर्माण पर करीब 32 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इसके बनने के बाद इस चौराहे पर आवागमन आसान हो जाएगा। जीएमडीए का दावा है कि यह फ्लाईओवर दो साल में बनकर तैयार होगा।
आरडी सिटी चौक से लेकर गुरुग्राम-सोहना हाईवे की तरफ करीब 900 मीटर लंबाई के इस फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा। इस फ्लाईओवर में दो-दो लेन होगी। 30 मीटर चौड़ाई की इस रोड पर फ्लाईओवर के नीचे साढ़े पांच मीटर चौड़ाई की दोनों तरफ सर्विस रोड का निर्माण किया जाएगा। यहां यातायात सुगम हो जाएगा। इस टेंडर को 29 मई को खोला जाएगा।
फ्लाईओवर बनने के बाद वाहन चालकों को होगी सहूलियत
मौजूदा समय में इस चौक पर सुबह और शाम के समय ट्रैफिक का दबाव काफी अधिक रहता है। इसको पार करने में 10 से 15 मिनट का समय लग जाता है। गुरुग्राम-मानेसर विकास योजना में भी इस चौक पर फ्लाईओवर का निर्माण प्रस्तावित था। सेक्टर-46 निवासी प्रदीप यादव के मुताबिक इस फ्लाईओवर के बनने के बाद वाहन चालकों को सहूलियत मिलेगी। वैसे इस चौक पर ट्रैफिक सिग्नल लगा है, लेकिन सुबह और शाम के समय ट्रैफिक का दबाव अधिक होने की वजह से इसको पार करने में कई बार 15 मिनट तक का समय लग जाता है।
जेड चौक पर अंडरपास बनाने की तैयारी
जेड चौक पर इफको चौक से आरडी सिटी की तरफ तीन-तीन लेन का अंडरपास तैयार किया जाएगा। गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (जीएमआरएल) ने इस अंडरपास के नक्शों को मंजूरी प्रदान कर दी है। इस अंडरपास के निर्माण के लिए टेंडर जारी करने के लिए दस्तावेज तैयार किए जा रहे हैं। अगले महीने में इसका टेंडर जारी हो जाएगा।
अमित गोदारा, कार्यकारी अभियंता, जीएमडीए, ''अंबेडकर चौक पर दो-दो लेन का फ्लाईओवर तैयार किया जाएगा। ये फ्लाईओवर आरडी सिटी चौक से गुरुग्राम-सोहना हाईवे की तरफ होगा। इसका टेंडर जारी कर दिया है। मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन के पास जेड चौक पर अंडरपास निर्माण का टेंडर अगले महीने में जारी कर दिया जाएगा।''
साइबर सिटी की रफ्तार पर 'ब्रेक' से घुट रहा गुरुग्राम का दम
गुरुग्राम की सड़कों पर सुबह-शाम लगने वाला ट्रैफिक जाम अब हर दिन की नियति बन गया है। दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे, इफ्को चौक और हुडा सिटी सेंटर जैसे प्रमुख पॉइंट्स पर घंटों वाहन रेंगने को मजबूर हैं। पीक आवर्स में खराब ड्रेनेज और सड़कों पर बढ़ते दबाव ने लोगों का सफर दर्दनाक बना दिया है, जिससे दफ्तर जाने वालों को भारी मानसिक पीड़ा झेलनी पड़ रही है।




साइन इन