रांची में स्कॉर्पियो का आतंक; लोगों को कुचला, पुलिस वालों को भी रौंदने की कोशिश
रांची में सोमवार देर रात एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार ने शहर के अलग-अलग इलाकों में कई लोगों को कुचल दिया। घटनाओं को अंजाम देने के बाद कार सवार ने फरार होने की कोशिश की। रांची पुलिस ने घेराबंदी कर पीछा किया।

रांची में सोमवार रात को एक तेज रफ्तार काले रंग की स्कॉर्पियो ने भारी आतंक मचाया। स्कॉर्पियो ने एक किन्नर समेत कुछ लोगों को कुचल दिया। सूचना मिलते ही रांची पुलिस ने घेराबंदी कर पीछा करना शुरू किया। पुलिस ने जब घेराबंदी की तो स्कॉर्पियो ने पुलिस के जवानों पर भी गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की। पुलिस ने फायरिंग की जिसमें एक अपराधी घायल हो गया और उसे पकड़ लिया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
पहले किन्नर को कुचला
रांची पुलिस को सोमवार की देर रात को डायल 112 पर सूचना मिली कि काले रंग की एक स्कॉर्पियो कार में सवार दो युवकों ने एक किन्नर को कुचल दिया है। पुलिस को यह भी बताया गया कि आरोपियों ने एक युवक की हत्या भी कर दी है। यही नहीं आरोपी युवकी की लाश गाड़ी पर लादकर फरार हो गए हैं।
ऐक्शन में आई पुलिस
सूचना की गंभीरता को देखते हुए रांची पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई। रांची पुलिस की कई टीमें तत्काल सक्रिय की गईं। सबसे पहले पुलिस की एक टीम ने सड़क पर घायल अवस्था में पड़े किन्नर को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। वहीं पुलिस की अन्य टीमें संदिग्ध स्कॉर्पियो की तलाश में शहर के अलग-अलग इलाकों में सघन चेकिंग में जुट गईं।
कई लोगों को कुचला
इसी दौरान मंगलवार को सुबह के वक्त कार ने फिर से शहर के विभिन्न हिस्सों में कई लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। लोगों को कुचलने के बाद चालक ने रुकने के बजाय गाड़ी की रफ्तार और बढ़ा दी। पुलिस ने लगातार मिल रही सूचनाओं के आधार पर वाहन का पीछा किया। पुलिस ने रांची जिले के कटहल मोड़ स्थित बास्की गांव के पास वाहन को रोकने की कोशिश की।
पुलिसकर्मियों पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश
बताया जाता है कि कार सवारों ने यहां एक बड़ा दुस्साहस किया। आरोपियों ने पुलिसकर्मियों को भी रौंदने की कोशिश की। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस जवानों ने आत्मरक्षा में फायरिंग की। पुलिस की फायरिंग से कार में सवार एक युवक गोली लग गई। उसे हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस की गोलीबारी में एक जख्मी
पुलिस ने बताया कि घायल युवक का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। अभी तक साफ नहीं है कि इस गाड़ी में कुल कितने लोग सवार थे। आरोपियों की मंशा क्या थी? पुलिस ने बताया कि कार सवार ने आम नागरिकों के साथ वर्दीधारी जवानों को भी कुचलने की कोशिश की। इसकी वजह से पुलिस ने फायरिंग की। मामले की जांच जारी है। पुलिस विभिन्न इलाकों की सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है।




साइन इन