गुरुग्राम: सहकर्मी ने की महिला कैबिन-क्रू से रेप की कोशिश, शेयर किया था होटल रूम; FIR दर्ज
महिला का कहना है कि इसके बाद उसने खुद के लिए गुरुग्राम में ही एक होटल में रूम बुक किया। इस दौरान सहकर्मी ने उससे कथित तौर पर कहा कि उसके पास खुद के लिए अलग से रूम बुक करने के लिए पैसे नहीं है। महिला ने इंसानियत दिखाते हुए उसे अपने कमरे में ठहरने की 'इजाजत' दी।

गुरुग्राम के सेक्टर-29 में स्थित एक होटल में कैबिन-क्रू महिला से रेप की कोशिश का मामला सामने आया है। पीड़ित महिला की उम्र 28 वर्ष है और आरोपी उसका सहकर्मी ही है। पुलिस ने पीड़ित महिला की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पीड़िता एक घरेलू एयरलाइन में बतौर कैबिन क्रू सुपरवाइज के पद पर काम करती हैं। महिला ने रविवार को सेक्टर-29 स्थित डीएलएफ पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करवाई है।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 74 और 76 के तहत आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। महिला की शिकायत के मुताबिक, ये घटना शनिवार रात 11 बजे से 11:45 बजे के बीच की है। एक अधिकारी के अनुसार, महिला ने बताया कि वह अपने सहकर्मी के साथ दिल्ली से देहरादून जा रही थीं, तभी आरोपी ने गाड़ी को लगभग 250 किलोमीटर गलत दिशा में ड्राइव किया, जिससे वे उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर पहुंच गईं। वहां ठहरने की जगह न मिलने पर वे दिल्ली की ओर लौट आईं और ज्यादा थकावट महसूस होने के चलते सहकर्मी के साथ गुरुग्राम में ही रुकने का फैसला किया।

होटल का रूम शेयर करने की इजाजत
महिला का कहना है कि इसके बाद उसने खुद के लिए गुरुग्राम में ही एक होटल में रूम बुक किया। इस दौरान सहकर्मी ने उससे कथित तौर पर कहा कि उसके पास खुद के लिए अलग से रूम बुक करने के लिए पैसे नहीं है। महिला ने इंसानियत दिखाते हुए उसे अपने कमरे में ठहरने की 'इजाजत' दी।
जबरदस्ती उसके कपड़े उतारने की कोशिश
महिला के मुताबिक इसके बाद जब वह गहरी नींद में सो गई, तो आरोपी ने उसे गलत तरीके से छूना शुरू कर दिया। इस दौरान उसने जबरदस्ती उसके कपड़े उतारने की कोशिश की, और इसी दौरान वह जाग उठी। इसके बाद महिला गुरुग्राम पुलिस के पास पहुंची और अपनी आपबीती सुनाई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए लीगल एडवाइजर बुलाकर पीड़िता की काउंसलिंग कराई। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया है कि सबूत जुटाए जा रहे हैं और इसी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन