ग्रेटर नोएडा वेस्ट में पत्नी की हत्या कर खुद पति ने भी जान दी; किचन में मिले शव
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सरस्वती कुंज कॉलोनी में रविवार की रात सुरक्षाकर्मी ने घरेलू कलह के चलते पत्नी की सब्जी काटने वाले चाकू से गोदकर हत्या कर दी। इसके बाद अपने ऊपर भी चाकू से वार किया। फिर फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली।

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सरस्वती कुंज कॉलोनी में रविवार की रात सुरक्षाकर्मी ने घरेलू कलह के चलते पत्नी की सब्जी काटने वाले चाकू से गोदकर हत्या कर दी। इसके बाद अपने ऊपर भी चाकू से वार किया। फिर फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। दोनों के शव घर की रसोई में पड़े मिले। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
बिसरख कोतवाली पुलिस के मुताबिक एटा का रहने वाला 35 वर्षीय अनिल अपनी पत्नी के साथ सरस्वती कुंज कॉलोनी में किराए के मकान में रहता था। अनिल एक सोसाइटी में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता था। उसकी पत्नी अनीता घरेलू सहायिका का काम करती थी। रविवार की रात अनिल और उसकी पत्नी अनीता के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। आरोपी अनिल ने घर में रखे सब्जी काटने के चाकू से पत्नी पर वार कर हत्या कर दी।
इसके बाद खुद फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मकान मालिक की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण किया, साथ ही घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दी।
रसोई की खिड़की से लटक गया
पुलिस के मुताबिक आरोपी अनिल ने घर में रखे सब्जी काटने वाले चाकू से पहले पत्नी पर पांच से सात बार वार कर उसे मौत के घाट उतारा। इसके बाद खुद पर भी चाकू से वार किए, लेकिन उसकी मौत नहीं हुई। इसके बाद उसने गले में एक रस्सी का फंदा डाला और रसोई की खिड़की से लटककर जान दे दी।
शोर सुनकर इकट्ठा हुए थे पड़ोसी
पुलिस ने बताया पति-पत्नी के बीच झगड़ा होने पर शोर की आवाज सुनकर पड़ोसी इकट्ठा हो गए थे। इसके बाद मकान मालिक को सूचना दी गई थी। अंदर से दरवाजे बंद होने की वजह से पड़ोसियों ने खिड़की से झांक कर देखा था। इसके बाद पता चला कि अंदर महिला खून के लथपत हालत में पड़ी है। जबकि, पति के गले में रस्सी बंधी हुई थी। मकान मालिक ने घटना की सूचना पुलिस को दी थी। इसके बाद दरवाजा तोड़कर दोनों के शव बाहर निकाले गए।
दरवाजा तोड़कर अंदर घुसी पुलिस
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी अनिल ने एक महीने पहले सरस्वती कुंज कॉलोनी में किराए पर घर लिया था। रविवार की रात झगड़ा होने पर मकान मलिक ने पुलिस को सूचना दी थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो घर का दरवाजा अंदर से बंद था। दरवाजा तोड़कर देखा तो पति-पत्नी के शव पड़े मिले।
12 साल पहले हुई शादी, कोई संतान नहीं थी
पुलिस छानबीन में पता चला है कि आरोपी अनिल की अनीता से करीब 12 साल पहले शादी हुई थी। इनकी कोई संतान नहीं थी। आशंका है कि संतान पैदा न होने की वजह से भी घर में झगड़ा होता था। हालांकि, दोनों के बीच हुए झगड़े की वजह साफ नहीं हो सकी है। पुलिस इस संबंध में परिजनों से भी बातचीत करेगी।




साइन इन