ग्रेटर नोएडा की जेल में बंद विदेशी कैदी की मौत, क्या है मामला?
ग्रेटर नोएडा के लुक्सर जेल में बंद एक विदेशी कैदी की इलाज के दौरान मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि विदेशी नागरिक NDPS एक्ट के एक मामले में कई सालों से जेल में बंद था।

ग्रेटर नोएडा की लुक्सर जेल में बंद नाइजीरियन कैदी की इलाज के दौरान मौत हो गई। वह मई 2023 से एनडीपीएस एक्ट और वीजा समाप्त होने के मामले में जेल में था। बीटा-2 पुलिस ने मृतक को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। जेल प्रशासन के अनुसार सोलोमन निवासी नाइजीरिया लंबे समय से गंभीर रूप से बीमार था। उसकी दोनों किडनी फेल हो चुकी थीं। शुरुआत में उसका इलाज जेल अस्पताल में चला, लेकिन हालत लगातार बिगड़ने पर उसे दो दिन पहले दिल्ली स्थित एम्स के लिए रेफर किया गया था।
इसके बाद रविवार सुबह उसे कासना स्थित जिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। जेल प्रशासन ने बताया कि घटना की सूचना संबंधित एंबेसी को दे दी गई है। साथ ही उसके तीन दोस्तों को भी इस बारे में अवगत कराया गया है। जेल अधीक्षक बृजेश कुमार ने बताया कि मृतक की पत्नी पहले ही भारत छोड़कर अपने देश लौट चुकी है।
हालांकि, मृतक के दोस्त अल्फा-2 के मित्रा अपार्टमेंट में रहते है। शव को उसके दोस्तों या संबंधित देश की एंबेसी को सौंपा जाएगा। यदि कोई भी व्यक्ति या प्रतिनिधि नहीं आता है, तो शव को सुरक्षित रखने के लिए डीप फ्रीजर में रखा जाएगा। इस पूरे मामले में जेल प्रशासन और स्थानीय पुलिस आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने में जुटी है। वहीं, मौत के कारणों को लेकर आवश्यक औपचारिकताएं भी की जा रही हैं।




साइन इन