गुरुग्राम में 500 झुग्गियों पर चला बुलडोजर, 7 दबंगों ने कब्जा रखी थी सरकारी जमीन
बड़े गैंगस्टर के बाद अब छोटे अपराधियों पर गुरुग्राम पुलिस ने बुलडोजर कार्रवाई शुरू कर दी है। रविवार को अपराधिक वारदातों को अंजाम दे चुके 7 आरोपियों की तरफ से सरकारी जमीन पर अवैध रूप से डलवाई गई झुग्गियों पर बुलडोजर चलाया गया।

बड़े गैंगस्टर के बाद अब छोटे अपराधियों पर गुरुग्राम पुलिस ने बुलडोजर कार्रवाई शुरू कर दी है। रविवार को अपराधिक वारदातों को अंजाम दे चुके 7 आरोपियों की तरफ से सरकारी जमीन पर अवैध रूप से डलवाई गई झुग्गियों पर बुलडोजर चलाया गया। इन झुग्गियों में नशे का कारोबार चलता था। किसी तरह के विरोध से निपटने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद था।
सुबह साढ़े 11 बजे तोड़फोड़ की कार्रवाई शुरू हुई। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) की गांव कन्हेई और वजीराबाद की जमीन पर कब्जा करके झुग्गियां डलवाई गई थी। मूलरूप से पश्चिम बंगाल के जिला नादिया के रहने वाले कुख्यात अपराधी जगबंधु पुरई उर्फ जगत, वजीराबाद निवासी नरेश के अलावा झाड़सा निवासी उमेद उर्फ सोनू महलावत, हिमांशु और नितिन कौशिक के नाम पर कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें हिंसक अपराध के अलावा चोरी, नशीले पदार्थों की तस्करी, रंगदारी आदि मामले शामिल हैं। यह सातों आरोपी कई बार जेल जा चुके हैं। यह अपराधी इन झुग्गियों से प्रतिमाह लाखों रुपये की अवैध वसूली करते थे।
पुलिस ने जांच में पाया था कि यह अपराधी सरकारी जमीन पर अवैध रूप से झुग्गियां डलवाते हैं। इसके बाद कमजोर वर्गों का शोषण करते हैं। उनसे किराया वसूल करते हैं। उनके साथ मारपीट की जाती है। इन झुग्गियों का इस्तेमाल आपराधिक वारदातों को अंजाम देने में किया जाता है। नशे का कारोबार इन झुग्गियों से चलता है। अपराध शाखा, सेक्टर-17, सेक्टर-39, सेक्टर-40 की तरफ से एचएसवीपी अधिकारियों के साथ समन्वय करके इस तोड़फोड़ की कार्रवाई को अंजाम दिया।
इस दौरान नोडल अधिकारी आरएस बाठ ड्यूटी मैजिस्ट्रेट के रूप में मौजूद रहे। बता दें कि अपराध शाखा, सेक्टर-39 ने गत 30 मार्च को झुग्गियों से अवैध वसूली करने पर वजीराबाद निवासी 35 वर्षीय नरेश को गिरफ्तार किया था। इसके ऊपर गांव वजीराबाद में जज कॉलोनी के पीछे अवैध रूप से डली झुग्गियों और दुकानों से करीब छह लाख रुपये एक महीने की वसूली करने का आरोप है।
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार के मुताबिक गुरुग्राम पुलिस सार्वजनिक भूमि की सुरक्षा, कानून व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों को शोषण से बचाने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। इस तरह के खुफिया आधारित सख्त अभियान भविष्य में और अधिक तीव्रता के साथ जारी रहेंगे। गुरुग्राम को अपराध मुक्त एवं सुरक्षित बनाया जाएगा।




साइन इन