गाजियाबाद से देहरादून के लिए आज से सफर आसान होगा
गाजियाबाद। वरिष्ठ संवाददाता। लोनी से निकल रहे दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का मंगलवार को उद्घाटन होगा। एक्सप्रेसवे

गाजियाबाद, दीपक सिरोही। लोनी से निकल रहे दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का मंगलवार को उद्घाटन होगा। एक्सप्रेसवे के दो खंड दिल्ली से लोनी और लोनी से बागपत वाहनों के लिए पहले ही खोले जा चुके हैं। देहरादून तक एक्सप्रेसवे शुरू होने से गाजियाबाद के लोगों को भी लाभ मिलेगा। एक्सप्रेसवे अक्षरधाम से शुरू होकर बागपत, शामली, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर होते हुए देहरादून गया है। दिल्ली से देहरादून तक 210 किलोमीटर लंबे एक्सप्रेसवे का निर्माण कई खंड में बांटकर पूरा किया गया। इसका पहला खंड अक्षरधाम से लोनी और दूसरा खंड लोनी से खेकड़ा के पास मवीकला गांव तक है। 32 किलोमीटर लंबे दोनों खंड पहले ही वाहनों के लिए खोले जा चुके हैं।
गाजियाबाद के लोगों के पास देहरादून एक्सप्रेसवे तक पहुंचने के दो विकल्प हैं। पहला विकल्प लोग लोनी से होते हुए एक्सप्रेसवे पर प्रवेश कर सकते हैं। दूसरा विकल्प है कि ईस्टर्न पेरिफेरल से खेकड़ा के मवीकला गांव से सीधे देहरादून एक्सप्रेसवे पर प्रवेश कर सकेंगे।एक्सप्रेसवे से देहरादून की दूरी लगभग ढाई घंटे में पूरी हो जाएगी। गाजियाबाद से लोग अभी देहरादून जाने के लिए मेरठ, मुजफ्फरनगर और हरिद्वार से होकर जाते हैं। लोग जाम में फंस जाते हैं। देहरादून पहुंचने में छह से सात घंटे का समय लग रहा था। लोग सुरक्षित और सरपट सफर कर सकेंगे। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे को बागपत जनपद में ईस्टर्न पेरिफेरल से जोड़ा है। ईस्टर्न पेरिफेरल को गाजियाबाद में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे से जोड़ा है। इस तरह तीन एक्सप्रेसवे आपस में जोड़े गए हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन