ghaziabad khoda dhaba double murder shripal satyam 50 rupees dispute stabbing news गाजियाबाद में ढाबे पर 50 रुपये के विवाद में डबल मर्डर, दुकानदार और नौकर की चाकू मारकर हत्या, Ncr Hindi News - Hindustan
More

गाजियाबाद में ढाबे पर 50 रुपये के विवाद में डबल मर्डर, दुकानदार और नौकर की चाकू मारकर हत्या

गाजियाबाद के खोड़ा में ढाबे पर खाने के बिल को लेकर हुए विवाद में संचालक और कर्मचारियों ने एक युवक और किशोर की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर मुख्य आरोपी को हिरासत में लिया है।

Sun, 1 Feb 2026 09:53 AMAnubhav Shakya लाइव हिन्दुस्तान, गाजियाबाद
share
गाजियाबाद में ढाबे पर 50 रुपये के विवाद में डबल मर्डर, दुकानदार और नौकर की चाकू मारकर हत्या

गाजियाबाद के खोड़ा में ढाबे पर 50 रुपये के विवाद में शुक्रवार रात युवक और किशोर की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल है। होटल संचालक और कर्मचारियों ने तीनों पर हमला किया। होटल संचालक समेत पांच के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया है।

बाइक रिपेयर की दुकान चलाते थे

खोड़ा के नेहरू गार्डन में रहने वाले 23 वर्षीय श्रीपाल की खोड़ा में ही बाइक रिपेयर की दुकान थी। उनके पास मूलरूप से बिहार के रोहतास जिले का रहने वाला 16 वर्षीय सत्यम काम सीखता था। वह यहां प्रगति विहार में रहता था। शुक्रवार की रात में लगभग दस बजे श्रीपाल, सत्यम और श्रीपाल के दोस्त अनुराग खोड़ा के आंबेडकर गेट के पास वैष्णो ढाबे पर भोजन करने गए थे। पहले भोजन देर से आने को लेकर विवाद हुआ और फिर खाने के बाद 50 रुपये और देने को लेकर होटल कर्मचारी नागेश के साथ श्रीपाल का विवाद हो गया। इसके बाद दोनों में हाथापाई भी हुई।

चाकू से किए ताबड़तोड़ हमले

इस दौरान होटल संचालक धर्मेंद्र ने बीच बचाव करवाया। इसके बाद तीनों होटल के दूसरे रास्ते से बाहर निकलकर गली में खड़े हो गए। तभी होटल कर्मचारी नागेश, राजन, विशेष और विशेष के चचेरे भाई सूरज के साथ मिलकर होटल संचालक ने उन पर चाकू, लाठी और पत्थरों से हमला बोल दिया। तीनों पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए। इस कारण तीनों लहूलुहान होकर गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर गए। चीख पुकार मचने पर आसपास की अन्य दुकानें भी बंद हो गईं। होटल संचालक भी होटल बंद कर फरार हो गया। कुछ देर बाद आसपास के लोगों ने घायलों को दिल्ली के लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने श्रीपाल और सत्यम को मृत घोषित कर दिया और अनुराग को जीटीबी रेफर कर दिया। अनुराग की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

घटना को लेकर किसी ने डायल-112 पर फोन किया, जिसके बाद अधिकारियों सहित तीन थानों की फोर्स मौके पर पहुंची। मामले में श्रीपाल के भाई गोपाल की तहरीर पर पुलिस ने धर्मेंद्र, नागेश, राजन, विशेष और सूरज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और धर्मेंद्र को हिरासत में लिया गया है।

श्रीपाल की शादी 11 मार्च को होनी थी

श्रीपाल की शादी तय हो गई थी और 11 मार्च के उसकी शादी होनी थी। परिवार शादी की तैयारियों में जुटा था। श्रीपाल के भाई गोपाल ने बताया कि रात में घटना की सूचना मिलने पर वह अस्पताल पहुंच गए थे, जहां उन्हें पता चला कि भाई की मौत हो चुकी है। वहीं, पता चला था कि भोजन के भुगतान में पचास रुपये को लेकर विवाद हुआ था। जिसके बाद होटल संचालक और कर्मचारियों ने उनके भाई की हत्या कर दी।

लोगों ने अस्पताल पहुंचाया

जिस जगह वारदात हुई वहां काफी भीड़भाड़ रहती है। बताया जा रहा है कि वारदात के बाद लगभग आधे घंटे तक तीनों लहूलुहान हालत में गली में कराहते पड़े रहे। कॉलोनी में रहने वालों ने हिम्मत कर तीनों को अस्पताल पहुंचाया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बुजुर्ग मां की बेरहमी से पिटाई, गाजियाबाद में नशेड़ी बेटे की खौफनाक करतूत- VIDEO
ये भी पढ़ें:गाजियाबाद: हिंडन एयरपोर्ट का विस्तार कार्य शुरू, यात्रियों को मिलेंगी ये सुविधाए

बेसुध हुईं सत्यम की मां

सत्यम के पिता तुलसी सिंह का दो माह पहले सड़क हादसे में पैर टूट गया था। सत्यम की मां ऊषा को रात में लगभग 11 बजे सत्यम के घायल होने की जानकारी मिली। बाद में सत्यम की मौत की जानकारी पाकर वह बेसुध हो गई।

एसीपी, इंदिरापुरम के एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि श्रीपाल के भाई की शिकायत पर पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।