नए गुरुग्राम के इन सेक्टरों में HSVP के प्लॉट लेने को रहें तैयार, 17000 एकड़ जमीन खरीदेगा प्राधिकरण
नए गुरुग्राम के कई सेक्टरों में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) के प्लॉट खरीदने का मौका मिलेगा। अभी तक इन सेक्टरों में बिल्डर की सोसाइटियां और कॉलोनियां विकसित हैं। एचएसवीपी ने इन सेक्टरों में करीब 17 हजार एकड़ जमीन खरीदने की योजना बनाई है।

नए गुरुग्राम के कई सेक्टरों में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) के प्लॉट खरीदने का मौका मिलेगा। अभी तक इन सेक्टरों में बिल्डर की सोसाइटियां और कॉलोनियां विकसित हैं। एचएसवीपी ने इन सेक्टरों में करीब 17 हजार एकड़ जमीन खरीदने की योजना बनाई है। ई-भूमि योजना के तहत जमीन मालिकों से जमीनों को खरीदा जाएगा।
एचएसवीपी ने गुरुग्राम-मानेसर विकास योजना के तहत 20 साल पहले सेक्टर-57 को विकसित किया था। सेक्टर-58 से लेकर सेक्टर-115 तक रिहायशी और व्यावसायिक कॉलोनियां विकसित करने के लिए बिल्डरों को लाइसेंस जारी किए थे। इस महीने की शुरुआत में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में ई-भूमि योजना के तहत हरियाणा में 1.67 लाख एकड़ भूमि को खरीदने की मंजूरी मिली है। इस भूमि को तीन चरणों में खरीदा जाएगा। इस जमीन को नेगोसिएशन के माध्यम से खरीदा जाएगा।
ई-भूमि योजना के तहत फरीदाबाद में साढ़े 20 हजार एकड़ जमीन खरीदने की योजना है। पहले चरण में फरीदाबाद में 4500 एकड़ जमीन को खरीदने के लिए आवेदन मांगे जाएंगे।
गुरुग्राम के इन सेक्टरों की जमीन खरीदने की योजना
पहले चरण में गुरुग्राम में सेक्टर-26, 36ए, 37डी, 59, 60, 61, 63, 63ए, 67, 67ए, 69, 70, 70ए, 72, 76, 77, 78, 79, 79ए, 79बी, 82, 82ए, 83, 84, 85, 86, 88ए, 88बी, 89, 89ए, 90, 91, 92, 93, 95, 95ए, 95बी, 99, 102, 102ए, 103 से 113 की जमीन को खरीदने की योजना है। ई-भूमि पोर्टल पर इन सेक्टरों की जमीन का ब्यौरा डाल दिया है। एक मार्च से लेकर 30 अप्रैल तक जमीन मालिक अपनी जमीन को बेचने की जानकारी इस पोर्टल पर डाल सकते हैं। इसके बाद जमीन मालिकों से बातचीत करके जमीन को खरीदा जाएगा।
सोहना, पटौदी और ग्वाल पहाड़ी में जमीन खरीदी जाएगी
दूसरे चरण में जिला गुरुग्राम के सोहना ब्लॉक में सेक्टर-2, 3, 4, 5, 6, 7, 9, 10, 11, 12, 14, 17, 25, 28, 29, 30, 31, 32, 33, 34, 35 और 36 में 5035.15 एकड़ जमीन को खरीदने के लिए आवेदन मांगे जाएंगे। ग्वाल पहाड़ी के सेक्टर-दो में 133 एकड़ जमीन को खरीदने के लिए आवेदन मांगे जाएंगे। पटौदी में सेक्टर-1, 2, 3, 4, 5, 6, 7, 10 और 11 में जमीन को खरीदा जाएगा। जमीन मालिकों के लिए एक मई से लेकर 30 जून के बीच पोर्टल को खोला जाएगा। तीसरे चरण में फर्रुखनगर के सेक्टर-एक, तीन, चार और पांच की 1203 एकड़ जमीन खरीदने की योजना है।
रेवाड़ी में भी खरीद होगी
इसके अलावा रेवाड़ी में सेक्टर-14, 23, 29B, 31 और 38, धारूहेड़ा में सेक्टर-5ए, 5बी और 20, नारनौल में सेक्टर-1, 2, 3, 4, 5, 6, 8, 9, 10,10A, 11 और 12, बावल में सेक्टर-7ए, 10, 10ए, 11, 13, 12, 16 में जमीन खरीदी जाएगी।
राकेश सैनी, संपदा अधिकारी-एक, एचएसवीपी, ''ई-भूमि योजना के तहत जमीन खरीदने की योजना है। गुरुग्राम की जमीन को ई-भूमि पोर्टल पर डाल दिया है। इच्छुक जमीन मालिक इस पोर्टल के माध्यम से जमीन बेचने की इच्छा जता सकता है।''




साइन इन