दिल्ली में LPG की कालाबाजारी पर ऐक्शन; 6 FIR दर्ज, 600 से अधिक सिलेंडर जब्त
दिल्ली भर में एलपीजी सिलेंडरों के अवैध भंडारण, रीफिलिंग और कालाबाज़ारी के संबंध में कम से कम 6 एफआईआर दर्ज की गई हैं। यही नहीं 600 से अधिक सिलेंडर जब्त किए गए हैं।
दिल्ली में एलपीजी सिलेंडरों की अवैध कालाबाजारी, जमाखोरी और रिफिलिंग के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। विभिन्न इलाकों में छापेमारी कर 6 एफआईआर दर्ज की गई हैं और 600 से अधिक सिलेंडर जब्त किए गए हैं। बाहरी नॉर्थ दिल्ली में दो मामले दर्ज किए गए हैं। वहीं ईस्ट दिल्ली के शकरपुर, रोहिणी और शाहदरा के गांधी नगर से एक-एक मामला सामने आया है। इसके अलावा मुंडका में भी एक मामला दर्ज किया गया है।
गोदाम पर छापा, 610 एलपीजी सिलेंडर बरामद
अधिकारियों ने बताया कि सबसे बड़ी जब्ती के तहत, क्राइम ब्रांच ने मुंडका में 'गुरुजी इंडेन गैस सर्विस' के नाम से चल रहे एक गोदाम पर छापा मारा और अलग-अलग कंपनियों के 610 एलपीजी सिलेंडर बरामद किए। छापे से पता चला कि परिसर में कई तेल मार्केटिंग कंपनियों के कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर एक साथ रखे गए थे जबकि इस जगह को केवल इंडेन के कमर्शियल सिलेंडर बांटने की ही अनुमति थी।
स्टॉक रिकॉर्ड में भी गड़बड़ियां
डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (क्राइम) संजीव कुमार यादव ने बताया कि बरामद स्टॉक में 423 इंडेन सिलेंडर, 92 भारत गैस सिलेंडर और 95 एचपी गैस सिलेंडर शामिल थे। इनमें भरे हुए और खाली दोनों तरह के सिलेंडर थे। शुरुआती जांच में स्टॉक रिकॉर्ड में भी गड़बड़ियां पाई गईं। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के अधिकारियों से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, 10 मार्च तक इस डिस्ट्रीब्यूटरशिप के पास इंडेन के कमर्शियल सिलेंडरों का अधिकृत स्टॉक शून्य होना चाहिए था।
गोदाम का मालिक फरार
पुलिस ने छापे के दौरान 133 भरे हुए इंडेन सिलेंडर जब्त किए हैं। इन सिलेंडरों के अवैध भंडारण से स्टॉक प्रबंधन में गड़बड़ी का संदेह है। पुलिस के अनुसार, काला बाजारी के लिए कृत्रिम कमी पैदा करने के उद्देश्य से इनका भंडारण किया गया था। पुलिस ने जरूरी वस्तु अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। गोदाम का मालिक अभी फरार है। उसकी तलाश की जा रही है।
गैस रीफिलिंग करने वाले दो अरेस्ट
दिल्ली के शकरपुर में पुलिस ने 46 वर्षीय एक शख्स को गिरफ्तार किया है। उस पर अपनी दुकान में अवैध रूप से एलपीजी रिफिलिंग करने का आरोप है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान दो घरेलू सिलेंडर, तीन छोटे सिलेंडर, रिफिलिंग मशीन और वजन करने वाली मशीन बरामद की है। शाहदरा के गांधी नगर में एक 55 वर्षीय व्यक्ति को अवैध रूप से एलपीजी गैस भरने के आरोप में पकड़ा गया है। वह धर्मपुरा की एक दुकान में घरेलू सिलेंडर से गैस निकालकर छोटे सिलेंडरों में भरता था।




साइन इन