firing on car showroom in gurugram himanshu bhau gang takes responsibility विदेश में छिपे हिमांशु भाऊ ने कैसे गुरुग्राम में करा दिया ठांय-ठांय; बोला- समझ आ गई होगी बात, Ncr Hindi News - Hindustan
More

विदेश में छिपे हिमांशु भाऊ ने कैसे गुरुग्राम में करा दिया ठांय-ठांय; बोला- समझ आ गई होगी बात

पांच करोड़ की रंगदारी न देने पर गुरुग्राम में सेक्टर-37 स्थित लग्जरी कारों के शोरूम बिग बॉय टॉयज (बीबीटी) पर शनिवार शाम को ताबड़तोड़ फायरिंग करने का मामला सामने आया है। इस दौरान करीब 16 गोलियां चलाई गई।

Mon, 9 March 2026 07:44 AMSudhir Jha हिन्दुस्तान, गुरुग्राम
share
विदेश में छिपे हिमांशु भाऊ ने कैसे गुरुग्राम में करा दिया ठांय-ठांय; बोला- समझ आ गई होगी बात

पांच करोड़ की रंगदारी न देने पर गुरुग्राम में सेक्टर-37 स्थित लग्जरी कारों के शोरूम बिग बॉय टॉयज (बीबीटी) पर शनिवार शाम को ताबड़तोड़ फायरिंग करने का मामला सामने आया है। इस दौरान करीब 16 गोलियां चलाई गई। विदेश में बैठे गैंगस्टर हिमांशु भाऊ ने इस हमले जिम्मेदारी ली है। फायरिंग में एक गोली इस शोरूम में चालक के पद पर कार्यरत एक व्यक्ति की बाजू को छूकर निकल गई। उसे निजी अस्पताल में दाखिल करवाया है। शाम करीब सात बजे बाइक पर सवार होकर तीन युवक इस शोरूम के बाहर पहुंचे।

इनमें से दो युवक बाइक से उतरे। इसके बाद उन्होंने इस शोरूम पर गोलियां चलानी शुरू कर दी। गोली लगने के बाद इस शोरूम के प्रवेश पर लगा कांच का दरवाजा टूटकर बिखर गया। शोरूम के बाहर की दीवारों पर गोलियां लगी। शोरूम के अंदर खड़ी दो कार पर गोलियां लगी। जब युवकों की तरफ से गोलियां चलाई गई, उस समय इस शोरूम के अंदर कर्मचारी और ग्राहक थे।

मच गई अफरा-तफरी

गोलियों की आवाज सुनकर हड़कंप मच गया। कुछ लोग कार के पीछे छिप गए तो कुछ ने शोरूम के अंदर बने कार्यालयों में घुसकर अपने आपको सुरक्षित किया। करीब पांच मिनट के बाद गोलियों का शोर खत्म हुआ। बाइक सवार मौके से भाग निकले। इस गोलीबारी में इस शोरूम में चालक के पद पर कार्यरत राजस्थान के रहने वाले राजपाल के बाजू को छूकर गोली निकल गई। राजपाल को निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया। सूचना मिलने पर गुरुग्राम पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने इस शोरूम के बाहर लगे सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया। राजपाल की शिकायत पर गोलियां चलाने वाले युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

आरोपियों की तलाश में छापेमारी

पुलिस ने आरोपियों की पहचान अतुल, दीपक और नीरज के रूप में की है। यह तीनों झज्जर के कुलासी गांव के रहने वाले हैं। इन तीनों के संभावित ठिकानों पर शनिवार देर रात और रविवार देर शाम तक गुरुग्राम पुलिस छापेमारी करती रही, लेकिन अभी तक यह हत्थे नहीं चढ़ सके हैं। बताया जा रहा है कि यह तीनों वारदात को अंजाम देकर कहीं दूर भाग गए हैं। इन युवकों के दोस्तों और परिजनों से गुरुग्राम पुलिस के अधिकारी पूछताछ कर रहे हैं।

मैसेज वायरल हो रहा

रविवार को सोशल मीडिया पर एक मैसेज वायरल हुआ है। इस मैसेज में गोलीबारी की जिम्मेदारी हिमांशु भाऊ और नीरज फरीदपुर की तरफ से ली गई है। यह दोनों गैंगस्टर फिलहाल विदेश में हैं। इन्होंने कहा कि लग्जरी शोरूम के मालिक को शायद उनकी बात समझ नहीं आई थी। अब समझ आ गई होगी। मैसेज में कहा गया कि भविष्य में भी इस शोरूम पर गोली चल सकती है। शोरूम में कार्यरत कर्मचारी और ग्राहक सावधान रहें। हालांकि, हिन्दुस्तान इस वायरल मैसेज की पुष्टि नहीं करता है।

पुलिस ठिकानों पर छापेमारी कर रही

इस मामले में पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने कहा कि शोरूम पर गोलियां चलाने वाले युवकों की पहचान हो चुकी है। इनकी गिरफ्तारी के लिए टीम बनाई जा चुकी है। इनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। आरोपी जहां भी छिपे होंगे हम उन्हें ढूंढ निकालेंगे। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

डेढ़ वर्ष बीतने पर भी गिरफ्तारी नहीं

बताया जा रहा है कि अक्तूबर, 2024 में इस कार शोरूम के मालिक से इस गैंगस्टर ने पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी। शोरूम मालिक ने इस सिलसिले में थाना सेक्टर-37 में शिकायत दी थी। मामला दर्ज हो गया था, लेकिन डेढ़ साल बीतने के बावजूद इस मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:गुरुग्राम में लग्जरी कार शोरूम पर हिमांशु भाऊ गैंग के 3 बदमाशो ने चलाईं गोलियां
ये भी पढ़ें:गुरुग्राम में बनेगा आतंकवाद निरोधक थाना, ATS के गठन की भी घोषणा
ये भी पढ़ें:IIT छात्र समेत 3 को गिरफ्तार किया, विदेशी साइबर जालसाजों के लिए करते थे काम
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।