नोएडा की सोसाइटी में 24वें मंजिल पर हुआ जोरदार धमाका, फ्लैट में लगी आग; विस्फोट की क्या वजह?
Noida fire news: अधिकारियों के अनुसार मंगलवार रात थाना सेक्टर-113 क्षेत्र स्थित 'मैक्स ब्लिस व्हाइट हाउस' सोसाइटी की 24वीं मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में आग लगने की सूचना मिली। इसके बाद मौके पर पहुंची दमकल टीम ने आग पर काबू पाई।

Noida fire news: नोएडा के सेक्टर-75 स्थित आवासीय सोसाइटी के एक फ्लैट में धमाके के बाद आग लगने की घटना सामने आई है। अधिकारियों के अनुसार मंगलवार रात थाना सेक्टर-113 क्षेत्र स्थित 'मैक्स ब्लिस व्हाइट हाउस' सोसाइटी की 24वीं मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में आग लगने की सूचना मिली। इसके बाद मौके पर पहुंची दमकल टीम ने आग पर काबू पाई। आखिर इस धमाके की क्या वजह सामने आ रही है…
आधे घंटे में आग पर पाया काबू, कोई हताहत नहीं
शुरूआती जानकारी में ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि फ्लैट में लगे एसी में विस्फोट के बाद यह घटना हुई है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि दमकलकर्मियों ने लगभग आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
अधिकारी ने बताया- एसी में विस्फोट से हुई घटना
आग लगने की वजह पर कहा- शुरूआती जांच के अनुसार एसी में धमाका होने के बाद यह आग लगी है। अधिकारी ने बताया, ''एसी रिमोट से बंद था, लेकिन मुख्य स्विच से बंद नहीं किया गया था। इसके चलते ही ये हादसा हो गया है।'' अधिकारी ने बताया कि आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है और जांच जारी है।
बहुमंजिला आवासीय इमारत में आग लगने का मामला गाजियाबाद से भी सामने आया है। ये घटना गाजियाबाद के इंदिरापुरम क्षेत्र में बुधवार की सुबह घटी। अग्निशमन विभाग के अनुसार, गौर ग्रीन एवेन्यू सोसायटी की 11वीं मंजिल पर सुबह करीब 8:50 बजे आग लगी, जो तेजी से फैलकर कई अन्य मंजिलों के फ्लैटों तक पहुंच गई।
अधिकारियों ने बताया कि सुबह करीब 10:30 बजे तक आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया, हालांकि पूरी तरह से आग बुझाने के प्रयास जारी हैं। अग्निशमन और बचाव अभियान के बाद सुबह करीब 11.30 बजे तक काबू पा लिया गया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल कुमार ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि आग पर काबू पाने के लिए 17 अग्निशमन गाड़ियां, दो हाइड्रोलिक क्रेन और लगभग 70 अग्निशमन कर्मियों को तैनात किया गया था। अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार के नेतृत्व में निकटवर्ती नोएडा की अग्निशमन इकाइयों ने भी अभियान में सहायता की।
इस दौरान बचाव अभियान भी साथ-साथ चलाया गया। इमारत में फंसे कई निवासियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जिनमें एक बुजुर्ग व्यक्ति भी शामिल थे, जो ऑक्सीजन सपोर्ट पर थे। अग्निशमन कर्मियों ने उन्हें स्ट्रेचर के जरिए बाहर निकाला। अधिकारियों के अनुसार, आग सातवीं से आठवीं मंजिल तक फैल गई थी। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और इसकी जांच जारी है।




साइन इन