इंदिरापुरम की झुग्गियों में लगी आग, गैस सिलेंडर फटने से मचा हड़कंप; कई गाड़ियां खाक
गाजियाबाद के इंदिरापुरम की झुग्गी-झोपड़ियों से भीषण आग लगने की खबर सामने आई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आग के दौरान कई सिलेंडर फटे हैं, इस कारण इलाके के आस-पास मौजूद वाहन भी जल गए हैं। दमकल कर्मी आग बुझाने में जुटे हुए हैं।

गाजियाबाद के थाना इंदिरापुरम क्षेत्र स्थित वसुंधरा सेक्टर-13 में मंगलवार शाम झुग्गियों में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में एक दर्जन से अधिक झुग्गियां उसकी चपेट में आ गईं। आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के दौरान झुग्गियों में करीब 30 लोग और एक दर्जन से अधिक मवेशी थे, जिनकी जान बाल-बाल बची।
चार-पांच कारें जलकर खाक
जानकारी के मुताबिक, आग खाली भूखंड पर बनी झुग्गियों में लगी थी। देखते ही देखते आग ने आसपास खड़ी कई गाड़ियों को भी अपनी चपेट में ले लिया। घटना में करीब चार से पांच कारें जलकर क्षतिग्रस्त हो गईं। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर विभाग को सूचना दी।
झुग्गियों में लगी आग, तो जानवरों और लोगों को बचाया
मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि विभाग को दोपहर 3:09 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। भूखंड पर बनी करीब 12 झुग्गियों में आग लगी थी। ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैल गई। देखते ही देखते आग ने वहां खड़ी गाड़ियों को भी अपनी चपेट में ले लिया। गनीमत थी कि दमकल टीम के पहुंचने से पहले झुग्गियों में मौजूद लोगों ने मवेशियों को खोलकर भूखंड से बाहर निकाल लिया।
गैस सिलेंडर में हुए धमाकों से मचा हड़कंप
महिला व पुरुष भी बच्चों को लेकर बाहर भागे। आग के कारण झुग्गियों में रखे छह एलपीजी सिलेंडर धमाके के साथ फट गए। इस कारण आसपास के इलाके में दहशत का माहौल रहा। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग लगने के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। अग्निशमन विभाग आग लगने की वजहों की जांच कर रहा है।
झुग्गीवासियों का घरेलू सामान जलकर खाक
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग बेहद तेजी से फैली, जिससे झुग्गियों में रहने वाले लोगों को सामान निकालने तक का मौका नहीं मिला। कई परिवारों का घरेलू सामान जलकर राख हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि अब तक किसी के घायल होने या जनहानि की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
आग लगने की वजह अब तक अज्ञात
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट या किसी ज्वलनशील सामग्री की वजह से आग लगी हो सकती है। फायर विभाग और स्थानीय पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। इलाके में सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल तैनात किया गया है।




साइन इन