फरीदाबाद में पेयजल पर बड़ा फैसला; सेक्टर-55 में पाइपलाइन बदलने की तैयारी
फरीदाबाद के सेक्टर-55 के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। लंबे समय से दूषित पेयजल और बार-बार पाइपलाइन लीकेज की समस्या से जूझ रहे लोगों को जल्द समाधान मिलेगा। नगर निगम की ओर से जल्द सेक्टर में नई पेयजल लाइन बिछाई जाएगी।

फरीदाबाद के सेक्टर-55 के निवासियों के लिए अच्छी खबर है कि नगर निगम जल्द ही पुरानी और जर्जर पेयजल पाइपलाइन को बदलने जा रहा है। लंबे समय से लोग गंदे पानी और बार-बार होने वाली लीकेज की समस्या से परेशान थे। निगम ने गर्मी आने से पहले नई लाइन बिछाने का लक्ष्य रखा है। वहीं नंगला सरपंच चौक पर पाइपलाइन टूटने से फिलहाल जलापूर्ति ठप है और लोग निजी टैंकरों पर निर्भर हैं जिन्हें जल्द ठीक करने का आश्वासन दिया गया है।
20 हजार लोगों को होगा लाभ
निगम के इस कदम से न केवल पेयजल की गुणवत्ता सुधरेगी बल्कि आपूर्ति भी बेहतर हो सकेगी। इससे सेक्टर के करीब 20 हजार लोगों को लाभ होगा। सेक्टर-55 में वर्षों से पहले पेयजल लाइन बिछाई गई थी, जो काफी पुरानी हो चुकी है। जगह-जगह लीकेज होने के कारण सीवर और गंदा पानी पेयजल लाइन में मिल जाता है। घरों में कई बार गंदा पानी सप्लाई होता है। इसे लेकर स्थानीय लोग नगर निगम और एफएमडीए अधिकारियों के समक्ष कई बार मुद्दा उठा चुके हैं।
सर्वेक्षण और तकनीकी प्रक्रिया पूरी
शिकायत के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो रहा है। सेक्टर वासियों की समस्या को देखते हुए निगम ने अब पेयजल लाइन बदलने की योजना तैयार की है। नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि गर्मी से पहले नई पाइपलाइन बिछाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए सर्वेक्षण और तकनीकी प्रक्रिया लगभग पूरी कर ली गई है।
सरपंच चौक पर पेयजल की पुरानी लाइन टूटी
वहीं, दूसरी तरफ नंगला पार्ट-2 स्थित सरपंच चौक पर पेयजल की पुरानी लाइन टूट गई। नंगला सरपंच चौक इलाके में पिछले दो दिनों से पेयजल पाइपलाइन में लीकेज होने के कारण जलापूर्ति पूरी तरह ठप पड़ी है। पाइपलाइन से पानी बहने सड़क पर जलभराव हो गया है। घरों में पानी पहुंच नहीं रहा है। सोमवार को निगम की टीम इसे दिनभर दुरुस्त करने में जुटी रही।
लोग बोले, काफी दिन से घरों में आ रहा था गंदा पानी
सेक्टर-55 निवासी राकेश वर्मा का कहना है कि यहां काफी दिन से घरों में गंदा पानी सप्लाई हो रहा। इससे बच्चों की तबीयत भी खराब हो जाती है। पाइपलाइन बदलने से लोगों को साफ और नियमित पानी मिलेगा। नागरिक महेशचंद्र का कहना है कि घर का सारा काम पानी पर ही निर्भर है। लीकेज की वजह से हमें बाल्टियों में दूर से पानी लाना पड़ रहा है। यदि पाइपलाइन की जल्द मरम्मत हो जाए तो बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।




साइन इन