फरीदाबाद में धार्मिक स्थल पर चला पीला पंजा; सड़क पर कांग्रेसी, पुलिस ने हटाया
फरीदाबाद के एनआईटी-3 में नगर निगम की ओर से धार्मिक स्थलों को हटाने की कार्रवाई के विरोध में शनिवार को कांग्रेस नेता मौके पर पहुंचे। वहीं पुलिस ने कानून व्यवस्था का हवाला देते हुए प्रदर्शनकारियों को हटा दिया।

फरीदाबाद के एनआईटी-3 में नगर निगम की ओर से धार्मिक स्थलों को हटाने का कांग्रेस नेताओं ने हल्ला बोल दिया। नूंह के कांग्रेस विधायक आफताब अहमद और जिला अध्यक्ष बलजीत कौशिक समेत कई कार्यकर्ता विरोध करने पहुंचे लेकिन पुलिस ने उनको नाके पर ही रोक दिया। इसके बाद नेता वहीं सड़क पर ही धरने पर बैठ गए और नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सरकार और प्रशासन को लोगों की भावनाओं का सम्मान करना चाहिए। दूसरी ओर, पुलिस ने कोर्ट के आदेश का हवाला देते हुए प्रदर्शनकारियों को वहां से हटा दिया।
पुलिस ने किए थे व्यापक इंतजाम
बताया जाता है कि एनआईटी-3 की नेहरू कॉलोनी में सरकारी जमीन पर बने धार्मिक स्थलों को हटाने की कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। इलाके में कई स्थानों पर पुलिस नाके लगाए गए थे ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।
पुलिस ने कांग्रेस नेताओं को रोका
कार्रवाई के विरोध में नूंह से कांग्रेस विधायक आफताब अहमद, फरीदाबाद जिला कांग्रेस अध्यक्ष बलजीत कौशिक, कांग्रेस नेता विवेक प्रताप तथा पार्टी के कई कार्यकर्ता 3 नंबर पुलिया के पास पहुंचे। पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया।
पुलिस के रोकने पर सड़क पर ही बैठे
इसके बाद सभी नेता और कार्यकर्ता सड़क पर बैठ गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने नगर निगम और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उनका कहना था कि धार्मिक स्थलों को तोड़ने का फैसला लोगों की भावनाओं से जुड़ा मामला है और प्रशासन को इस बारे में संवेदनशीलता दिखानी चाहिए।
तनावपूर्ण बने रहे हालात
विधायक आफताब अहमद ने कहा कि सरकार की नीति गलत है। वर्षों पुराने धार्मिक स्थलों को हटाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन लोगों की भावनाओं की अनदेखी कर रहा है। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना था कि कार्रवाई अदालत के आदेश के तहत की जा रही है और क्षेत्र में शांति बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। धरने के दौरान कुछ समय तक मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही, लेकिन पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में स्थिति नियंत्रण में रही।
एक दिन पहले सेक्टर-11 में चला था बुलडोजर
एक दिन पहले शुक्रवार को ही फरीदाबाद नगर निगम ने सेक्टर-11 में अवैध तरीके से बने दो बैंक्वेट हॉल पर बुलडोजर चला दिया। नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि सेक्टर-11 में बनाए जा रहे बैंक्वेट हॉल में बिना मंजूरी के निर्माण का काम किया जा रहा था। फरीदाबाद नगर निगम की ओर से संबंधित संचालकों को पूर्व में नोटिस जारी कर निर्माण रोकने के निर्देश दिए गए थे।




साइन इन