फरीदाबाद में मुजेसर रेलवे अंडरपास का रास्ता साफ, निर्माण में बाधा बन रहे 150 से ज्यादा अवैध कब्जे ढहाए
फरीदाबाद में मुजेसर रेलवे फाटक पर प्रस्तावित अंडरपास निर्माण के लिए बड़ी कार्रवाई करते हुए 150 से अधिक अवैध कब्जों को ढहा दिया गया। इस कार्रवाई के दौरान मकानों के साथ फाटक के सामने की सड़क को जेसीबी से तोड़ दिया गया।

फरीदाबाद में मुजेसर रेलवे फाटक पर प्रस्तावित अंडरपास निर्माण के लिए बड़ी कार्रवाई करते हुए 150 से अधिक अवैध कब्जों को ढहा दिया गया। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी), फरीदाबाद नगर निगम और रेलवे विभाग की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को पुलिस बल की मौजूदगी में तोड़फोड़ अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान मकानों के साथ फाटक के सामने की सड़क को जेसीबी से तोड़ दिया गया।
नेशनल हाईवे से मुजेसर को जोड़ने वाली इस सड़क से रोजाना हजारों लोग पैदल, दुपहिया और भारी वाहनों के साथ गुजरते हैं। मुजेसर के आसपास सेक्टर-24 और 25 का औद्योगिक क्षेत्र स्थित है। इसके अलावा सेक्टर-22, 23 और संजय कॉलोनी जैसे घनी आबादी वाले रिहायशी इलाके भी इसी मार्ग पर निर्भर हैं। फाटक बंद होने की स्थिति में वाहनों का दबाव हार्डवेयर चौक, बाटा पुल और अजरौंदा-नीलम पुल पर पड़ता है। अंडरपास बनने के बाद हार्डवेयर चौक, बीके चौक और तिकोना पार्क की ओर वाहनों का दबाव कम होगा। इससे सेक्टर-24 से सीधे दिल्ली-आगरा हाईवे तक पहुंचना आसान हो जाएगा।
तीन जेसीबी से तोड़फोड़ की गई
अवैध कब्जा होने के कारण अंडरपास के निर्माण में बाधा बनी हुई थी। एक साल से निर्माण कार्य रुका हुआ था। इसे लेकर एचएसवीपी का तोड़फोड़ दस्ता तीन जेसीबी के साथ मौके पर पहुंचा और कार्रवाई की।
तोड़फोड़ पर क्या बोले स्थानीय लोग
अरुण सिंह, स्थानीय निवासी, ''जेसीबी से सड़क और मकान तोड़े गए। कई ग्राहकों ने आना बंद कर दिया। विकास कार्य जरूरी है, पर तरीके से किया जाए तो रोष कम होता है।''
रघुवीर सिंह, ''दिहाड़ी मजदूर ''जैसे-तैसे छोटा सा मकान बनाकर परिवार को रखा था। तोड़फोड़ से सब कुछ मलबे में बदल गया। बच्चों की किताबें और जरूरी सामान भी नहीं बचा।''
ओमप्रकाश, स्थानीय निवासी, ''जाम की समस्या पुरानी है। अंडरपास बनना चाहिए, लेकिन जिन लोगों के घर टूटे हैं, उनके लिए सरकार को वैकल्पिक प्लॉट या मुआवजा अवश्य देना चाहिए।''
चार लेन सड़क निर्माण के लिए अतिक्रमण हटाया
फरीदाबाद नगर निगम की ओर से पल्ला, सेहतपुर और बसंतपुर क्षेत्र में प्रस्तावित चार लेन सड़क निर्माण को लेकर शुक्रवार को व्यापक तोड़फोड़ अभियान चलाया। सड़क चौड़ीकरण में बाधा बन रहे निर्माणों को हटाने के लिए निगम की टीम ने अलग-अलग स्थानों पर चार जेसीबी मशीनों की मदद से कार्रवाई की। मौके पर लोगों ने कार्रवाई का विरोध किया। लेकिन पुलिस ने उन्हें समझा बुझा कर शांत कर दिया। नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि सड़क के बीच आ रहे दुकानों, मकानों और अन्य अस्थायी निर्माणों को चिन्हित कर पहले ही नोटिस जारी किए गए थे। निर्धारित समय सीमा के बाद भी निर्माण नहीं हटाए जाने पर निगम को सख्ती बरतनी पड़ी। कार्रवाई के दौरान किसी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।




साइन इन