गुरुग्राम में पूर्व फौजी को सरेआम गोलियों से भूना, बेटी की शादी के लिए जेल से बाहर आया था
गुरुग्राम के मानेसर के कासन गांव में मंगलवार सुबह गैंगवार और पुरानी रंजिश के खूनी खेल ने एक बार फिर दस्तक दी। साल 2018 में हुए सरपंच बहादुर हत्याकांड के मुख्य दोषी और सजायाफ्ता पूर्व फौजी सुंदर की दो बदमाशों ने उस वक्त अंधाधुंध गोलियां मारकर हत्या कर दी। घटना के दौरान वह गांव की चौपाल पर बैठा था।

गुरुग्राम के मानेसर के कासन गांव में मंगलवार सुबह गैंगवार और पुरानी रंजिश के खूनी खेल ने एक बार फिर दस्तक दी। साल 2018 में हुए सरपंच बहादुर हत्याकांड के मुख्य दोषी और सजायाफ्ता पूर्व फौजी सुंदर की दो बदमाशों ने उस वक्त अंधाधुंध गोलियां मारकर हत्या कर दी। घटना के दौरान वह गांव की चौपाल पर बैठा था। सनसनीखेज बात यह है कि हमलावर वारदात के बाद अपनी बाइक और हथियार मौके पर ही छोड़कर पैदल फरार हो गए।
सुबह 8 बजे बरसाईं गोलियां
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पूर्व फौजी सुंदर भोंडसी जेल में उम्रकैद की सजा काट रहा था। वह अपनी बेटी की 20 अप्रैल को होने वाली शादी के लिए पैरोल पर घर आया हुआ था। मंगलवार सुबह करीब 8 बजे जब सुंदर गांव की चौपाल के पास एक चबूतरे पर बैठा था। उसी समय एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। इससे पहले कि सुंदर कुछ समझ पाता हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से सुंदर लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा।
हथियार और बाइक छोड़ भागे हमलावर
ग्रामीणों के मुताबिक हत्यारे पूरी तैयारी के साथ आए थे। लेकिन, वारदात को अंजाम देने के बाद हड़बड़ाहट में या जानबूझकर एक कट्टा और एक रिवॉल्वर मौके पर ही फेंक गए। इतना ही नहीं, वे अपनी बाइक भी घटनास्थल पर ही छोड़कर गलियों के रास्ते फरार हो गए। गोलियों की आवाज से पूरा इलाका दहल गया और देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
गांव में भारी पुलिस बल तैनात
वारदात की सूचना मिलते ही आईएमटी थाना पुलिस और उच्च अधिकारी फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
दोस्ती जो दुश्मनी में बदली
इस हत्याकांड के पीछे 6 साल पुरानी रंजिश बताई जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतक सुंदर और पूर्व सरपंच बहादुर कभी गहरे दोस्त हुआ करते थे। साल 2018 में किसी मामूली बात पर हुए विवाद में सुंदर ने बहादुर की गोली मारकर हत्या कर दी थी।




साइन इन