फरीदाबाद के 9 हजार लोगों को मिलेंगे EWS फ्लैट, 10,000 रुपये में बुकिंग; 5 दिन के लिए खुला पोर्टल
EWS Flat in Faridabad : फरीदाबाद में सीएम शहरी आवास योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर 9137 पात्र लाभार्थियों को ईडब्ल्यूएस फ्लैट की बुकिंग का मौका मिलेगा। 29 जनवरी से 2 फरवरी तक बुकिंग पोर्टल खुला रहेगा। पात्र आवेदक 10 हजार रुपये जमाकर फ्लैट के लिए ऑनलाइन बुकिंग कर सकेंगे।

दिल्ली से सटे फरीदाबाद में मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर 9137 पात्र लाभार्थियों को ईडब्ल्यूएस फ्लैट की बुकिंग का मौका मिलेगा। फरीदाबाद नगर निगम ने 29 जनवरी से 2 फरवरी तक बुकिंग पोर्टल खोलने की घोषणा की है। पात्र आवेदक 10 हजार रुपये जमाकर फ्लैट के लिए ऑनलाइन बुकिंग कर सकेंगे।
नगर निगम के एडिशनल कमिश्नर गौरव अंतिल ने बताया कि फरीदाबाद शहर में मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के अंतर्गत आर्थिक रूप से कमजोर (ईडब्ल्यूएस) श्रेणी के लिए बड़ी पहल की गई है। नगर एवं ग्राम आयोजना विभाग से लाइसेंस प्राप्त कॉलोनियों में आरक्षित फ्लैटों की बुकिंग प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
इससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के हजारों परिवारों को अपने घर का सपना पूरा करने का अवसर मिलेगा। यह योजना शहरी गरीबों को सुरक्षित और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।
2 फरवरी तक खुला रहेगा बुकिंग पोर्टल
योजना के तहत ईडब्ल्यूएस फ्लैटों की बुकिंग के लिए पोर्टल 29 जनवरी 2026 से 2 फरवरी 2026 तक खुला रहेगा। कुल 5 दिनों की इस अवधि में पात्र आवेदक मात्र 10 हजार रुपये की बुकिंग राशि जमा कर फ्लैट बुक कर सकेंगे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि बुकिंग पूरी तरह ऑनलाइन होगी। आवेदकों को समय सीमा का विशेष ध्यान रखने की अपील की गई है, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रह जाए।

पात्र लाभार्थियों की सूची जारी
जिला परियोजना अधिकारी द्वारका प्रसाद ने बताया कि 9137 पात्र आवेदकों की नामवार सूची जारी कर दी गई है। इस संबंध में समाचार पत्रों में भी विज्ञापन प्रकाशित किया गया है। पात्र लाभार्थी Department of Housing For All, Haryana की आधिकारिक वेबसाइट hfa.haryana.gov.in पर जाकर बुकिंग प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए विभाग की ओर से हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है।
आवेदकों को मिलेगा लाभ
गौरतलब है कि वर्ष 2023 में मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के तहत आवेदन मांगे गए थे। उस समय सालाना 1 लाख 80 हजार रुपये तक की आय वाले लोगों को पात्र माना गया था। फरीदाबाद में करीब 51 हजार लोगों ने आवेदन किया था, जिनमें से जांच और भौतिक सत्यापन के बाद 9137 लोग योग्य पाए गए। अब इन्हीं लाभार्थियों को फ्लैट देने की तैयारी की जा रही है। योजना से गुरुग्राम, फरीदाबाद, रेवाड़ी, पानीपत और रोहतक जैसे शहरों में हजारों परिवारों के जीवन में स्थायित्व आएगा।




साइन इन