दिल्ली में बीच सड़क आग का गोला बना ई-स्कूटर, पटाखों जैसी आवाज के साथ धधकता रहा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह तड़के एक व्यक्ति अपने किसी काम से इलेक्ट्रिक स्कूटर पर सवार होकर घर से निकला था। वह जैसे ही शास्त्री पार्क इलाके से गुजर रहा था, तभी अचानक उसे अपने स्कूटर से धुआं निकलता हुआ दिखाई दिया।

उत्तर-पूर्वी दिल्ली के शास्त्री पार्क इलाके में शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां सड़क पर जा रहे एक इलेक्ट्रिक स्कूटर में अचानक भीषण आग लग गई। गनीमत यह रही कि स्थिति को भांपते हुए स्कूटर सवार ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचा ली। इस घटना में पास खड़ी एक कार भी आग की चपेट में आने से बाल-बाल बच गई। इस जलते हुए इलेक्ट्रिक व्हीकल का एक खतरनाक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें इस घटना की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है। वीडियो में इस वाहन को पटाखों के धमाके जैसी आवाज के साथ जलते हुए देखा जा सकता है। वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह तड़के एक व्यक्ति अपने किसी काम से इलेक्ट्रिक स्कूटर पर सवार होकर घर से निकला था। वह जैसे ही शास्त्री पार्क इलाके से गुजर रहा था, तभी अचानक उसे अपने स्कूटर से धुआं निकलता हुआ दिखाई दिया। खतरे का अहसास होते ही सवार ने तुरंत स्कूटर को रोका और उससे दूर हट गया। उसके हटते ही धुएं ने देखते ही देखते भयानक आग का रूप ले लिया और स्कूटर धूं-धूं कर जलते हुए आग का गोला बन गया।
स्कूटर के बगल में खड़ी थी कार
आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पास ही खड़ी एक कार भी उसकी चपेट में आती हुई दिखाई दी, हालांकि हादसे के दौरान वहां मौजूद लोगों ने तुरंत हिम्मत दिखाते हुए पानी डालकर किसी तरह आग पर काबू पाया। इस दौरान एक शख्स ने लोगों के रोकने के बावजूद बहादुरी दिखाई और सबसे पहले जाकर आग पर एक बाल्टी पानी डाल दिया। जिससे कि आग काफी हद तक बुझ गई, इसके बाद अन्य लोगों ने भी पानी डालकर आग को बुझा दिया, और इसी वजह से वहां खड़ी कार आग की चपेट में आने से बच गई। हालांकि, जब तक आग बुझती, स्कूटर पूरी तरह जलकर कबाड़ में तब्दील हो चुका था। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ।




साइन इन