Engineer kidnapped and robbed along with car after bike touched him in Ghaziabad बाइक में टच हुआ तो इंजीनियर को कार सहित अगवा कर लूटा, गाजियाबाद में सनसनीखेज वारदात, Ncr Hindi News - Hindustan
More

बाइक में टच हुआ तो इंजीनियर को कार सहित अगवा कर लूटा, गाजियाबाद में सनसनीखेज वारदात

गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में बाइक से कार टकराने के बाद तीन बदमाशों ने एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर को उन्हीं की कार में अगवा कर लिया। बदमाश आधे घंटे तक उन्हें घुमाते रहे और फिर पर्स से तीन हजार रुपये लेकर और यूपीआई से पांच हजार रुपये ट्रांसफर कराकर कार समेत छोड़कर भाग गए।

Sun, 15 Feb 2026 04:43 PMSubodh Kumar Mishra लाइव हिन्दुस्तान, हिन्दुस्तान/गाजियाबाद
share
बाइक में टच हुआ तो इंजीनियर को कार सहित अगवा कर लूटा, गाजियाबाद में सनसनीखेज वारदात

गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में बाइक से कार टकराने के बाद तीन बदमाशों ने एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर को उन्हीं की कार में अगवा कर लिया। बदमाश लगभग आधे घंटे तक उन्हें घुमाते रहे और फिर पर्स से तीन हजार रुपये लेकर और यूपीआई से पांच हजार रुपये ट्रांसफर कराकर कार समेत छोड़कर भाग गए। घटना शुक्रवार शाम की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

विवाह समारोह में जा रहे थे

साहिबाबाद क्षेत्र में रहने वाले अभिषेक पांडेय नोएडा की एक आईटी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। अभिषेक ने बताया कि वह शुक्रवार की शाम एक विवाह समारोह में जा रहे थे। लिंक रोड क्षेत्र में टाटा मोटर्स शोरूम के सामने दो बाइक पर सवार तीन युवक सड़क पर लापरवाह तरीके से चल रहे थे। उन्होंने बाइक से बचकर आगे निकलने का प्रयास किया तो उनकी कार एक बाइक से टच हो गई। इस पर बाइक सवार उनके साथ गालीगलौज करने लगे।

कार में आधे घंटे तक घुमाते रहे

इसके बाद दोनों बाइक पर सवार युवक उनका पीछा करने लगे। कुछ आगे जाकर एक बाइक ने उनकी कार में टक्कर मारी। इसके बाद वैशाली स्थित रामप्रस्थ ग्रींस सोसाइटी के पास तीनों ने कार को ओवरटेक कर रोक लिया। बदमाशों ने पत्थर बरसाए और आगे का शीशा तोड़ दिया। उन्होंने खिड़की का शीशा नीचे कर विरोध जताया तो बदमाशों ने उन्हें कार से बाहर खींचकर मारपीट की। बदमाशों ने उनका पर्स, मोबाइल और कार की चाबी छीन ली। उन्हें जबरन कार में आधे घंटे तक घुमाते रहे और फिर रुपये लेकर सुनसान जगह छोड़कर भाग निकले।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:2 दस्तावेजों से मतदाता सूची में नाम जुड़ सकेंगे, गाजियाबाद में चक्कर लगा रहे लोग
ये भी पढ़ें:गाजियाबाद में नशीला पेय पिला महिला से रेप, इस्लाम कबूलवाने का दबाव

शिकायत पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप

इंजीनियर अभिषेक पांडेय ने बताया कि बदमाशों के जाने के बाद उन्होंने डायल 112 पर फोन किया और थाने में जाकर तहरीर भी दी, लेकिन शनिवार तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि पुलिस मामले को सीमा विवाद में उलझा रही है। पहली बार बाइक से कार छूने की घटना लिंकरोड थानाक्षेत्र में हुई थी। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि जांच की जा रही है। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव का कहना है कि शिकायत पर मामले की जांच की जा रही है।

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।