engine of Air India plane damaged after container gets stuck in it at Delhi Airport ईरान का एयरस्पेस बंद होने से लौटा विमान, दिल्ली में उतरते ही आ टकराई कोई चीज; दाएं इंजन को नुकसान, Ncr Hindi News - Hindustan
More

ईरान का एयरस्पेस बंद होने से लौटा विमान, दिल्ली में उतरते ही आ टकराई कोई चीज; दाएं इंजन को नुकसान

इस घटना का एक वीडियो सामने आया है, जो कि शायद प्लेन में सवार किसी यात्री के द्वारा बनाया गया है। इस वीडियो में एयरक्राफ्ट टैरमैक पर खड़ा दिख रहा है और उसके चारों ओर ग्राउंड स्टाफ मौजूद है। वीडियो में इंजन को हुआ नुकसान भी देखा जा सकता है।

Thu, 15 Jan 2026 07:24 PMSourabh Jain हिन्दुस्तान टाइम्स, नई दिल्ली
share
ईरान का एयरस्पेस बंद होने से लौटा विमान, दिल्ली में उतरते ही आ टकराई कोई चीज; दाएं इंजन को नुकसान

दिल्ली के इंदिरा गांधी एयरपोर्ट से न्यूयॉर्क के लिए उड़ा विमान गुरुवार को ईरानी एयरस्पेस (हवाई मार्ग) बंद होने के कारण दिल्ली लौटकर आया तो उसका एक इंजन एक लगेज कंटेनर अंदर खींच लेने की वजह से क्षतिग्रस्त हो गया। इस बारे में जानकारी देते हुए एयर इंडिया के एक प्रवक्ता ने बताया कि दिल्ली में लैंडिंग के बाद, घना कोहरा होने के कारण टैक्सिंग के दौरान विमान किसी बाहरी चीज़ से टकरा गया, जिससे विमान के दाहिने इंजन को नुकसान पहुंचा।

एयर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा, 'एयर इंडिया इस बात की पुष्टि करता है कि फ्लाइट AI101, जो दिल्ली से न्यूयॉर्क (JFK) जा रही थी, को ईरानी एयरस्पेस के अचानक बंद होने के कारण टेकऑफ के तुरंत बाद दिल्ली लौटना पड़ा, जिससे उसके तय रूट पर असर पड़ा। दिल्ली में लैंडिंग के बाद, घने कोहरे में टैक्सिंग के दौरान विमान किसी बाहरी चीज से टकरा गया, जिससे दाहिने इंजन को नुकसान हुआ।' प्रवक्ता ने आगे कहा कि इस घटना के बाद विमान को सुरक्षित रूप से तय पार्किंग स्टैंड पर खड़ा कर दिया गया, जिससे विमान में सवार सभी यात्रियों और क्रू की सुरक्षा सुनिश्चित हुई।

प्रवक्ता ने बताया कि विमान को पूरी जांच और जरूरी मरम्मत के लिए ग्राउंडेड कर दिया गया है, साथ ही यह भी कहा कि इससे A350 के कुछ रूट पर संभावित रुकावटें आ सकती हैं। बयान में आगे कहा गया है, 'एयर इंडिया को हमारे यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद है और वह सक्रिय रूप से उन्हें वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था और रिफंड में मदद कर रहा है, जैसा कि वे चाहते हैं। सुरक्षा एयर इंडिया के लिए सबसे बड़ी प्राथमिकता है, और एयरलाइन इस समय सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।'

एक वीडियो, जिसे शायद विमान में सवार किसी यात्री ने शूट किया था, उसमें विमान टैरमैक पर खड़ा दिख रहा था और उसके चारों ओर ग्राउंड स्टाफ मौजूद दिखाई दे रहा है। वीडियो में इंजन को हुए नुकसान को भी देखा जा सकता है।

22 दिसंबर को भी एक विमान के इंजन में आई थी खराबी

बता दें कि इससे पहले भी एयर इंडिया के विमान के इंजन में खराबी की घटना सामने आ चुकी है, जिसके कारण दिल्ली से महाराष्ट्र के मुंबई जा रहे विमान को बीच हवा से ही वापस लौटना पड़ा था। इंजन में खराबी की यह घटना 22 दिसंबर को हुई थी, जिसके कारण मुंबई जाने वाले एयर इंडिया के उस विमान को सुबह करीब एक घंटे तक हवा में रहने के बाद दिल्ली लौटना पड़ा था।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:190 यात्रियों को लेकर जा रहे विमान के APU में आग, दिल्ली से भरी थी उड़ान
ये भी पढ़ें:घना कोहरा, जानलेवा ठंड; 16 जनवरी को दिल्ली NCR में क्या खुलेंगे स्कूल?
ये भी पढ़ें:दिल्ली हाईवे प्रोजेक्ट्स में बड़ी लापरवाही, कागजों में लाखों पेड़, जमीन पर गायब!

इस घटना को लेकर जारी किए एक बयान में एयर इंडिया के एक प्रवक्ता ने कहा था, '22 दिसंबर को दिल्ली से मुंबई जाने वाली फ्लाइट AI887 के क्रू ने स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसिजर के तहत एक टेक्निकल दिक्कत के कारण टेक-ऑफ के तुरंत बाद दिल्ली लौटने का फैसला किया।' हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया था कि टेक्निकल दिक्कत क्या थी।

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।