नोएडा के भंगेल एलिवेटेड रोड पर इन 4 जगह बनेंगे लूप, जुलाई शुरू हो सकता है ये काम
Bhangel Elevated Road : नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि भंगेल एलिवेटेड रोड के लिए चार लूप बनाने के लिए टेंडर जारी कर दिया गया है। जून के पहले सप्ताह में तकनीकी और फिर एक सप्ताह बाद फाइनेंशियल बिड खोली जाएगी।

नोएडा में भंगेल एलिवेटेड रोड के लिए बनने वाले चार लूप की प्रक्रिया आगे बढ़ी है। नोएडा प्राधिकरण ने इनको बनाने के लिए टेंडर जारी कर दिया है। इच्छुक एजेंसियां 9 जून तक आवेदन कर सकेंगी। ऐसे में जुलाई से काम शुरू होने की उम्मीद है। लूप बनने से सबसे ज्यादा फायदा सेवन एक्स सोसाइटी में रहने वाले लोगों को होगा।
भंगेल एलिवेटेड रोड दादरी-सूरजपुर-छलेरा (डीएससी) मार्ग पर बना है। यह सेक्टर-41 आगाहपुर गांव के सामने से शुरू होकर फेज-2 नाले के पास तक है। यह पिछले साल 18 नवंबर को शुरू हुआ था। अब तक इस एलिवेटेड रोड का इस्तेमाल नोएडा से सीधे फेज-2 ओर आने-जाने वाले ही कर पा रहे हैं। बीच में कोई लूप नहीं होने के कारण एलिवेटेड रोड के आसपास रहने वालों को इसका कोई फायदा नहीं मिल पा रहा।
इस एलिवेटेड रोड का काम 6 जून 2020 को शुरू हुआ था। इसके साथ ही लोगों ने लूप का काम भी शुरू करने की मांग की थी। अब प्राधिकरण ने लूप बनाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई है। अधिकारियों ने बताया कि एलिवेटेड रोड के लिए चार लूप बनाने के लिए टेंडर जारी कर दिया गया है। जून के पहले सप्ताह में तकनीकी और फिर एक सप्ताह बाद फाइनेंशियल बिड खोली जाएगी। अगर इस टेंडर में एजेंसियां आती हैं और मानकों को पूरा करती हैं तो जुलाई से लूप बनने का काम शुरू हो जाएगा।
चार लूप बनाए जाएंगे
अधिकारियों ने बताया कि ये लूप सेक्टर-41 आगाहपुर से फेज-2 की ओर जाते समय सेक्टर-49 हनुमान मूर्ति चौराहे की तरफ उतरने और दूसरी तरफ से फेज-2 की ओर चढ़ने के लिए बनेंगे। फेज-2 ओर से आते समय सेक्टर-107 चौराहे पर उतरने और दूसरी तरफ से सेक्टर-41 की ओर आने को चढ़ने के लिए लूप बनेंगे।
जाम से राहत की उम्मीद
लूप बनने से सबसे ज्यादा फायदा सेवन एक्स सेक्टरों में रहने वाले लोगों को होगा। सेवन एक्स सेक्टरों (74 से 79 तक) के अलावा 107, 101, 104, 42,47, 48, 49 व हाजीपुर, बरौला, सलारपुर गांव बीच में एलिवेटेड रोड से जुड़ जाएंगे। इससे एलिवेटेड रोड के नीचे दादरी रोड, विश्वकर्मा रोड पर जाम की समस्या दूर होगी।
सेक्टर-73 के पास सड़क चौड़ी होगी
वहीं, नोएडा में मास्टर प्लान रोड-3 पर सेक्टर-73 और 70 के सामने जाम में कमी लाने के लिए प्राधिकरण सड़क चौड़ी कराने के साथ डिवाइडर को नए सिरे से बनवाएगा। इसके लिए प्राधिकरण ने टेंडर जारी कर दिया है। एजेंसियों से 25 मई तक आवेदन मांगे गए हैं।प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि करीब 700 मीटर सड़क चौड़ी करने, डिवाइडर के कुछ हिस्से को नए सिरे से बनाने, विकास मार्ग से मिलने वाली सड़कों के मोड़ के घुमाव सही करने और सड़क सुरक्षा इंतजाम दुरुस्त कराए जाएंगे। प्राधिकरण इन काम पर एक करोड़ 36 लाख 2 हजार रुपये खर्च करेगा। अधिकारियों ने बताया कि मास्टर प्लान रोड-3 में सेक्टर-71 अंडरपास के बाद पर्थला फ्लाईओवर तक के हिस्सा विकास मार्ग है।




साइन इन