क्या गुरुग्राम में माइनस में पहुंचा तापमान; वायरल VIDEO और दावे में कितना दम?
गुरुग्राम में मंगलवार को न्यूनतम तापमान को लेकर एक शख्स के दावे ने भीषण ठंड को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया। शख्स ने न्यूनतम तापमान -0.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किए जाने का दावा किया। दावे में कितना दम?

उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड और शीतलहर का प्रकोप जारी है। गुरुग्राम में मंगलवार को न्यूनतम तापमान को लेकर एक शख्स के दावे ने भीषण ठंड को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया। मौसम में दिलचस्पी रखने वाले इस शख्स ने न्यूनतम तापमान -0.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किए जाने और पाला जमने का दावा किया। हालांकि मौसम विभाग की ओर से जो आंकड़े आए वो उक्त दावे से काफी अलग थे। इस बीच मौसम विभाग ने गुरुग्राम और फरीदाबाद के अलग-अलग हिस्सों में कोहरे और शीतलहर का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
माइनस 0.9 डिग्री न्यूनतम तापमान का दावा
दरअसल, मौसम पर नजर रखने वाले नवदीप दहिया ने एक्स पर पर अपने पोस्ट में दावा किया कि गुरुग्राम के बाहरी इलाकों में लगातार दूसरी सुबह यानी मंगलवार को भी भारी पाला और बर्फ जैसी महीन परत जमी दिखी। उन्होंने अपने डिवाइस पर गुरुग्राम में जीरो से नीचे का तापमान की रीडिंग भी दिखाई और न्यूनतम तापमान माइनस 0.9 डिग्री सेल्सियस होने का दावा किया।
एक दिन पहले रिकॉर्ड हुआ था 0.6 डिग्री तापमान
नवदीप दहिया ने मंगलवार को पाले की तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा- दिल्ली-एनसीआर के और भी इलाकों में इसी तरह का पाला पड़ा। यह दावा गुरुग्राम में सोमवार को 0.6 डिग्री सेल्सियस के ऐतिहासिक न्यूनतम तापमान दर्ज होने के एक दिन बाद आया जिसने एनसीआर में पड़ रही भीषण ठंड की चर्चाओं को गरम कर दिया।
मौसम विभाग के अनुसार- 3.3 डिग्री पर तापमान
हालांकि, मौसम विभाग (IMD) के आंकड़ों ने नवदीप दहिया के दावों गलत करार दिया। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को गुरुग्राम का न्यूनतम तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इससे पता चलता है कि भले ही गुरुग्राम में बहुत ठंड थी लेकिन आधिकारिक तौर पर तापमान शून्य से नीचे नहीं गया था।
कड़ाके की ठंड
मौजूदा वक्त में पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो पिछले नौ वर्षों में सबसे कम है। हरियाणा के हिसार और नारनौल में तापमान गिरकर 1.5 और 1.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दिल्ली भी लगातार दूसरे दिन शीतलहर की चपेट में रही। दिल्ली के सफदरजंग, पालम और लोधी रोड सहित कई स्टेशनों पर न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया।
कल ऑरेंज अलर्ट
इस बीच मौसम विभाग ने दिल्ली के साथ ही एनसीआर के इलाकों में बुधवार को सुबह के वक्त हल्का से मध्यम कोहरा रहने की संभावना जताई है। बुधवार को गुरुग्राम और फरीदाबाद में कुछ जगहों पर शीतलहर की स्थिति रह सकती है। इसको लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दो दिन तक उत्तर से आने वाली बर्फीली हवाओं का प्रकोप जारी रहेगा।




साइन इन