पश्चिमी विक्षोभ देगा दस्तक; दिल्ली में बदलेगा मौसम, शीतलहर का ऑरेंज अलर्ट
दिल्ली के साथ ही एनसीआर के ज्यादातर स्थानों पर मंगलवार को भी कड़ाके की ठंड पड़ी। दिल्ली के कई इलाकों में शीतलहर जैसी स्थितियां देखी गईं। मौसम विभाग ने दिल्ली में मौसम के बदलने का अनुमान जताया है।

दिल्ली के साथ ही एनसीआर में कड़ाके की शीतलहर का दौर मंगलवार को भी जारी रहा। लोग ठिठुरन से बेहाल रहे। दिन में धूप खिलने से थोड़ी राहत जरूर मिली लेकिन बर्फीली हवाओं का सितम बरकरार रहा। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान दिल्ली के साथ ही एनसीआर के विभिन्न हिस्सों में भीषण ठंड जारी रहने की बात कही है। इसके बाद पहाड़ों पर एक पश्चिमी विक्षोभ दस्तक देगा जिससे मौसम में बदलाव भी दिखेगा।
इन इलाकों में 3 डिग्री न्यूनतम तापमान
मंगलवार को दिल्ली के लोधी रोड और संफदरजंग इलाके ज्यादा सर्द रहे जहां न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस रहा। दिल्ली के लोधी रोड इलाके में न्यूनतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस कम रहा तो संफदरजंग में इसमें 4.4°C की गिरावट देगी गई। दिल्ली के आयानगर में न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 3.9 डिग्री कम है। पालम एरिया में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 3.3 डिग्री कम है।
कल भी कोल्ड वेव जैसे हालात, ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने बुधवार को सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा छाने और कुछ जगहों पर शीतलहर की स्थिति रहने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। दिल्ली में बुधवार को न्यूनतम तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। दिल्ली में बुधवार को दोपहर के वक्त 5 से 10 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से सर्द हवाएं चल सकती हैं।
पश्चिमी विक्षोभ देगा दस्तक, बदलेगा मौसम
मौसम विभाग की मानें तो 15 जनवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है। इसका असर उत्तर पश्चिमी भारत के मैदानी इलाकों पर भी देखा जाएगा। खासकर दिल्ली और एनसीआर के इलाकों में इस पश्चिमी विक्षोभ के असर से आंशिक रूप से आवाजाही देखी जाएगी। दिल्ली एनसीआर में छिटपुट बादलों की आवाजाही 19 जनवरी तक बनी रहने का अनुमान है।

16 से न्यूनतम तापमान में हो सकती है बढ़ोतरी
मौसम विभाग ने 15 से लेकर 19 जनवरी तक सुबह के वक्त हल्का से मध्यम कोहरा छाने की संभावना जताई है। 19 जनवरी तक दिल्ली एनसीआर में आंशिक रूप से बादलों की आवाजाही बरकरार रहेगी। दिल्ली में 15 और 16 जनवरी को दोपहर के वक्त 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड में सर्द हवाएं चलने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से दिल्ली 16 जनवरी से न्यूनतम तापमान में क्रमश: बढ़ोतरी के आसार भी बन रहे हैं।




साइन इन