delhi-three-schools-bomb-threat-security-check-underway CBSE एग्जाम के बीच दिल्ली के स्कूलों को मिली बम से उड़ाने की धमकी, CP की एक्सिस बैंक को भी आया मेल, Ncr Hindi News - Hindustan
More

CBSE एग्जाम के बीच दिल्ली के स्कूलों को मिली बम से उड़ाने की धमकी, CP की एक्सिस बैंक को भी आया मेल

राजधानी दिल्ली के कम से कम तीन स्कूलों को सोमवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल मिले। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया है। जांच-पड़ताल हो रही है।

Mon, 2 March 2026 10:35 AMRatan Gupta नई दिल्ली, पीटीआई
share
CBSE एग्जाम के बीच दिल्ली के स्कूलों को मिली बम से उड़ाने की धमकी, CP की एक्सिस बैंक को भी आया मेल

CBSE बोर्ड एग्जाम के बीच राजधानी दिल्ली के तीन स्कूलों को सोमवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल मिले। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। अधिकारियों के मुताबिक, जिन स्कूलों को धमकी मिली है, उनमें सरदार पटेल विद्यालय और सलवान पब्लिक स्कूल शामिल हैं। बोर्ड परीक्षा को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट पर लगा दिया गया है। हैरानी की बात ये है कि दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित एक्सिस बैंक को भी धमकी भरा मेल आया है। घटना की जानकारी लगते ही स्टेट्समैन हाउस बिल्डिंग में पुलिस ने तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।

मौके पर भेजी गई सुरक्षा टीमें

स्कूल प्रशासन ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को इसकी सूचना दी। दिल्ली फायर सर्विस (DFS) के एक अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड और फायर विभाग की टीमें मौके पर भेज दी गईं। फिलहाल स्कूल परिसरों में गहन सुरक्षा जांच चल रही है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:एग्जाम सेंटर पर सिख महिला से पगड़ी उतारने को कहा? MPPSC परीक्षा में हंगामा
ये भी पढ़ें:गाजियाबाद में यूट्यूबर सलीम पर जानलेवा हमला करने वाला बदमाश मुठभेड़ में ढेर

अब तक नहीं मिली कोई संदिग्ध वस्तु

अधिकारी ने बताया कि अब तक दो स्कूलों से फायर विभाग को कॉल प्राप्त हुई है। एहतियात के तौर पर छात्रों और स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। सुरक्षा कर्मी कक्षाओं, गलियारों और आसपास के क्षेत्रों में एंटी-सबोटाज जांच कर रहे हैं। अब तक किसी भी संदिग्ध वस्तु के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है।

सभी छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाला गया

सरदार पटेल विद्यालय ने अभिभावकों को भेजे संदेश में कहा कि सुबह स्कूल को एक सुरक्षा संबंधी धमकी मिली थी, जिसके बाद पुलिस को बुलाया गया। सभी छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। संदेश में यह भी कहा गया कि स्कूल को सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद जूनियर कक्षाओं की पढ़ाई और सीनियर कक्षाओं की परीक्षा दोबारा शुरू की जाएगी।

बम होने की फर्जी अफवाहें

आपको बताते चलें कि हाल के महीनों में भी दिल्ली सहित देश के कई शहरों में स्कूलों को ईमेल के जरिए बम धमकी मिलने के मामले सामने आए हैं। हालांकि ज्यादातर घटनाओं में जांच के बाद कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला और इन्हें अफवाह या फर्जी धमकी पाया गया।

बम निरोधक दस्ता और एंटी सैबोटाज

एहतियात के तौर पर ऐसे मामलों में एंटी-सैबोटाज चेक किया जाता है। इस प्रक्रिया के तहत सुरक्षा एजेंसियां स्कूल परिसर के हर हिस्से- कक्षाओं, लैब, स्टोर रूम, छत और पार्किंग जैसे इलाकों की बारीकी से तलाशी लेती हैं। बम निरोधक दस्ता विशेष उपकरणों की मदद से संदिग्ध वस्तुओं की जांच करता है और जरूरत पड़ने पर उन्हें सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय करने की तैयारी रखता है।

वहीं डॉग स्क्वॉड के प्रशिक्षित खोजी कुत्ते विस्फोटक पदार्थों की गंध पहचानने में अहम भूमिका निभाते हैं, जिससे जांच प्रक्रिया तेज और अधिक प्रभावी हो जाती है।

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।