दिल्ली में 2 करोड़ की कमेटी ठगी, 48 लोगों से रकम लेकर फरार दंपती गिरफ्तार
राजधानी में अवैध ‘कमेटी’ (चिट फंड) योजनाओं के जरिए करीब 2 करोड़ रुपये की ठगी करने के आरोप में दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने एक दंपती को गिरफ्तार किया है।

राजधानी में अवैध ‘कमेटी’ (चिट फंड) योजनाओं के जरिए करीब 2 करोड़ रुपये की ठगी करने के आरोप में दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने एक दंपती को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि इंदरपुरी इलाके से चल रही इन योजनाओं में 48 निवेशकों को ऊंचे और निश्चित मुनाफे का लालच देकर फंसाया गया था।
ईओडब्ल्यू के अनुसार, चंदरदीप चमोली और उसकी पत्नी सरिता चमोली के खिलाफ 16 अक्टूबर 2025 को कुलदीप सिंह सहित 47 अन्य निवेशकों की शिकायत पर शिकायत दर्ज की गई थी। शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कपल 2013-14 से विभिन्न ‘कमेटियां’ चला रहा था और अब तक 52 से अधिक कमेटियां आयोजित कर चुका था। शुरुआत में भरोसा जीतने के लिए कुछ निवेशकों को समय पर छोटी-छोटी रकम लौटाई गई, जिससे लोगों का विश्वास बढ़ा। बाद में बड़े स्तर पर पैसा एकट्ठा कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, कई पॉलिसी मैच्योर हो चुकी थीं, जबकि कुछ जारी थीं। लेकिन, आरोपियों ने न तो मूलधन लौटाया और न ही वादा किया गया फायदा दिया। अप्रैल 2025 में दंपती ने अचानक अपना ऑफिस बंद कर दिया और परिवार सहित फरार हो गया। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपियों ने लेन-देन का रिकॉर्ड रखने वाले रजिस्टर नष्ट कर दिए और मोबाइल फोन व सिम कार्ड तोड़ दिए, ताकि सबूत मिटाए जा सकें।
लगातार छापेमारी और तकनीकी निगरानी के बाद चंदरदीप को 2 फरवरी को उत्तर प्रदेश के रामपुर से गिरफ्तार किया गया। 12 फरवरी को उसकी पत्नी सरिता को भी पकड़ लिया गया। पुलिस के अनुसार, चंदरदीप ट्यूशन पढ़ाता था और दासघरा, इंदरपुरी, पूसा और तोडापुर जैसे इलाकों में स्थानीय लोगों से विश्वास कायम कर उन्हें निवेश के लिए प्रेरित करता था, जबकि उसकी पत्नी संचालन में सहयोग करती थी। पुलिस आगे की जांच कर रही है और अन्य संभावित पीड़ितों व वित्तीय लेन-देन की पड़ताल की जा रही है।




साइन इन