राजस्थान में सरकारी स्कूल में रॉड से लटके मिले लड़का-लड़की के शव, पत्नी से झगड़कर चला गया था युवक
राजस्थान के डूंगरपुर जिले में एक सरकारी स्कूल में बुधवार सुबह युवक और युवती के शव फंदे से लटके मिले। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के आधार पर इसे प्रेम प्रसंग से जुड़ा कथित दोहरा आत्महत्या का मामला बताया है।

राजस्थान के डूंगरपुर जिले में एक सरकारी स्कूल में बुधवार सुबह युवक और युवती के शव फंदे से लटके मिले। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के आधार पर इसे प्रेम प्रसंग से जुड़ा कथित दोहरा आत्महत्या का मामला बताया है। हालांकि मौत के कारणों का अभी तक ठीक-ठीक पता नहीं चला है, पुलिस जांच में लगी हुई है।
एक बच्ची का पिता है मनोज
पुलिस के अनुसार, मृतक युवक की पहचान 22 वर्षीय मनोज के रूप में हुई है। वह मजदूरी करता था और एक बच्ची का पिता था। युवती की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। दोनों के शव स्कूल की एक क्लास के बाहर लगे लोहे के ओवरहेड रॉड से लटके पाए गए।
पत्नी से लड़ाई के बाद गायब हुआ था मनोज
जानकारी के मुताबिक, मनोज एक फरवरी को अपनी पत्नी से विवाद के बाद घर छोड़कर चला गया था। उसकी पत्नी ने मंगलवार को चौरेसी थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बुधवार सुबह गांव के कुछ लोगों ने स्कूल के पिछले हिस्से में शव लटके देखे और इसकी सूचना पुलिस को दी।
पोस्टमार्टम के बाद पता चलेगी मौत की वजह
पुलिस ने बताया कि स्कूल सुबह 10 बजे खुलता है, इसलिए घटना के समय वहां कोई छात्र या नियमित स्टाफ मौजूद नहीं था। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है, जिसमें दोनों के बीच संबंधों और घटनास्थल तक पहुंचने की परिस्थितियों की पड़ताल शामिल है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी।




साइन इन