दिल्ली के बवाना में युवक की गोली मारकर हत्या, सड़क किनारे मिला शव; हत्यारे की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अवस्था में पड़े युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

राजधानी दिल्ली के बवाना इलाके में गुरुवार को एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अवस्था में पड़े युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
सुल्तानपुर वाटिका के पास मारी गई गोली
पुलिस के मुताबिक सूचना मिली थी कि सुल्तानपुर रोड स्थित राज वाटिका के पास एक युवक को गोली मार दी गई है और वह सड़क किनारे पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। वहां एक युवक गंभीर हालत में मिला, जिसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया। हालांकि अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार युवक की मौत गोली लगने से हुई है।
मृतक व्यक्ति की हुई पहचान
जांच के दौरान मृतक की पहचान 24 वर्षीय भूपेंद्र के रूप में हुई है। वह दिल्ली के पूठ खुर्द इलाके की पाना बस्ती वाड़ा का रहने वाला था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है।
इन धाराओं में दर्ज हुआ केस
मामले में पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर लिया है। यह केस भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और अन्य संबंधित धाराओं के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए हर पहलू से जांच की जा रही है।
पुलिस ने आसपास के इलाकों में जांच शुरू कर दी है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इसके अलावा स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि आरोपियों के बारे में कोई सुराग मिल सके।
अपराधी की खोजबीन में जुटी पुलिस
अधिकारियों के अनुसार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं। पुलिस तकनीकी और मैनुअल इंटेलिजेंस के जरिए आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। फिलहाल इस वारदात के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है, लेकिन पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।




साइन इन