‘वो रकम नहीं बनी, जो मुझे खरीद सके’… राघव चड्ढा का पुराना VIDEO वायरल; AAP विधायक ने किया शेयर
दिल्ली में तिलक नगर से विधायक जरनैल सिंह ने भी राघव चड्ढा का एक वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है जिसमें वे आम आदमी पार्टी के लिए 'समर्पण और ईमानदारी' को लेकर बड़े दावे करते हुए नजर आ रहे हैं।

आम आदमी पार्टी (आप) में शुक्रवार को बड़ी टूट सामने आई। राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा समेत 6 अन्य राज्यसभा सांसद ने पार्टी से दूरी बना ली। दोपहर में राघव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर एलान किया और शाम होते-होते बीजेपी का दामन थाम लिया। राघव को लेकर आप नेता अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। इसी कड़ी में दिल्ली में तिलक नगर से विधायक जरनैल सिंह ने भी राघव चड्ढा का एक वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है जिसमें वे आम आदमी पार्टी के लिए 'समर्पण और ईमानदारी' को लेकर बड़े दावे करते हुए नजर आ रहे हैं।
दरअसल यह एक पुराना वीडियो है जो कि एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का है। राघव के साथ खुद जरनैल सिंह भी बैठे हैं। वीडियो में राघव कहते हैं 'आज तक वो रकम नहीं बनी...मैं साफ तौर पर कहना चाहता हूं। आज तक वो रकम नहीं बनी और वो शख्स पैदा नहीं हुआ जो राघव चड्ढा को आम आदमी पार्टी को या अरविंद केजरीवाल को खरीद ले। मैं साफ तौर पर ये अपने विरोधियों को कहना चाहता हूं।'
वहीं इस वीडियो के कैप्शन में जरनैल लिखते हैं 'चड्ढा जी, शख्स तो मालूम चल गया, अब जरा रकम भी बता दीजिए कितने में नीलाम हुए हो।' वहीं जरनैल सिंह ने राघव का एक और पुराना वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है जिसमें वे बीजेपी को लेकर 'गुंडों की पार्टी' जैसे कड़े शब्द का इस्तेमाल करते नजर आ रहे हैं।
क्यों अलग हुए राघव?
पार्टी से अलग होने के फैसले पर राघव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि जिस आम आदमी पार्टी को मैंने अपने खून-पसीने से सींचा, अपनी जवानी के 15 साल दिए, वह अपने सिद्धांतों, मूल्यों और नैतिकता से पूरी तरह भटक गई है। आपको बता दें कि हाल ही में चड्ढा को राज्यसभा में आम आदमी पार्टी के उपनेता पद से हटा दिया गया और उनकी जगह मित्तल को नियुक्त किया गया था। इसके बाद ही राघव ने संकेत दे दिए थे कि वे कोई बड़ा कदम उठाने जा रहे हैं। आप में उनका कद घटाए जाने के बाद से ही चर्चाएं तेज थीं।
राघव के अलावा और कौन-कौन हुआ पार्टी से अलग?
राघव के अलावा स्वाति मालीवाल, अशोक कुमार मित्तल, संदीप पाठक, हरभजन सिंह, राजिंदर गुप्ता और विक्रम साहनी ने भी आप का साथ छोड़ दिया है। सात राज्यसभा सदस्यों के अलग होने के बाद आम आदमी पार्टी के अब सिर्फ तीन ही सांसद रह जाएंगे। जिनमें संजय सिंह, नारायण दास गुप्ता और संत बलबीर सिंह हैं।
पार्टी के लिए चिंता की बात
आप गुजरात में सत्ता पर काबिज होने की संभावना तलाश रही है तो वहीं पंजाब में सत्ता बरकरार रखने की कोशिश में है। पार्टी में इतनी बड़ी टूट और राघव जैसे बड़े नेता का अन्य 6 सांसदों संग अलग होना कहीं न कहीं केजरीवाल की टेंशन बढ़ा सकता है। बहरहाल देखने वाली बात यह होगी कि आम आदमी पार्टी आलाकमान अब आगे क्या कदम उठाता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन