'मुझसे गलती हो गई'... कोर्ट में गिड़गिड़ाया IRS की बेटी का रेप-मर्डर करने वाला, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में क्या आया?
आरोप है कि मीणा ने पीड़िता का मोबाइल चार्जिंग केबल से गला घोंटा और फिर किसी भारी वस्तु से वार कर उसे बेहोश कर दिया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि अबतक जांच के मुताबिक, आरोपी ने बेहोशी की हालत में पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया।

दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के कैलाश हिल्स इलाके में आईआरएस अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी की कथित रेप के बाद हत्या करने की सनसनीखेज वारदात ने हर किसी को हैरान कर दिया है। आरोपी का नाम राहुल मीणा है और गुरुवार को उसे कोर्ट में पेश किया गया जहां उसके तेवर बदले नजर आए।
आरोपी आईआरएस अधिकारी के यहां काम किया करता था। अफसर की बेटी के साथ घिनौना काम करने वाले राहुल ने रात में राजस्थान के अलवर में अपने परिचित की ही पत्नी के साथ भी कथित तौर पर रेप को अंजाम दिया था। फिर सुबह आईआरएस अधिकारी के घर में घुस गया था। वह सीधे छत पर बने स्टडी रूम में गया और अफसर की बेटी के साथ कथित तौर पर यौन शोषण के बाद उसकी हत्या कर दी। इस जघन्य अपराध की शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी। बुधवार सुबह हुई इस हत्या की कड़ियों को जोड़ते हुए अधिकारियों ने बताया कि 19 वर्षीय आरोपी राहुल मीणा के मन में कोई पछतावा नहीं है। उसने एक के बाद एक दो महिलाओं पर हमला किया और उनमें से एक की बेरहमी से हत्या कर दी।
साकेत कोर्ट में पेश किया गया
बुधवार को गिरफ्तार किए गए मीणा को गुरुवार को साकेत कोर्ट में पेश किया गया। पूछताछ में शामिल अधिकारियों के अनुसार, वह पछतावे के कोई संकेत नहीं दे रहा है और बार-बार अपने बयान बदल रहा है। हालांकि, कोर्ट में उसका लहजा अलग था। न्यायिक मजिस्ट्रेट दीपिका ठकरान के सामने, जिन्होंने दिल्ली पुलिस को चार दिन की रिमांड दी है, से उसने कहा कि "मुझसे अपराध हो गया... गलती हो गई।"
मीणा ने आईआरएस अधिकारी के परिवार के साथ आठ महीने तक काम किया था और एक महीने पहले ही उसे पैसों की हेरफेर के कारण नौकरी से निकाला गया था। पुलिस सूत्रों के अनुसार, वह न केवल घर के नक्शे से वाकिफ था, बल्कि उसे युवती के माता-पिता की दिनचर्या भी पता थी, जो सुबह जल्दी जिम निकल गए थे। वह एक अतिरिक्त चाबी का इस्तेमाल करके घर में घुसा और सीधे उस स्टडी रूम में गया जहां आईआईटी ग्रेजुएट युवती सिविल सर्विस की तैयारी कर रही थी। उसने उस पर हमला किया और फिर उसके खून से लथपथ शरीर को सीढ़ियों से नीचे घसीटा।
बेहोशी की हालत में पीड़िता के साथ दुष्कर्म
आरोप है कि मीणा ने पीड़िता का मोबाइल चार्जिंग केबल से गला घोंटा और फिर किसी भारी वस्तु से वार कर उसे बेहोश कर दिया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि अबतक जांच के मुताबिक, आरोपी ने बेहोशी की हालत में पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद वह उसे सीढ़ियों से घसीटकर दूसरे कमरे में ले गया जहां लॉकर रखा था। उसने पीड़िता के फिंगरप्रिंट से बायोमेट्रिक लॉक खोलने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं खुला। अंत में उसने पेचकस से लॉकर तोड़कर कैश और गहने चोरी किए, अपने खून से सने कपड़े और चप्पलें बदलीं और माता-पिता के लौटने से 30 मिनट पहले फरार हो गया।
करीब 30 मिनट तक
सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक, आरोपी सुबह 6:30 बजे कॉलोनी में घुसा, 6:49 बजे घर में दाखिल हुआ और 7:20 बजे वहां से निकल गया। एम्स-दिल्ली के फॉरेंसिक विभाग के प्रमुख डॉक्टर सुधीर गुप्ता ने बताया कि पीड़िता के शरीर पर चोट के काफी निशान मिले हैं। वहीं पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों हाथों और पैरों पर कई चोटें और खरोंचें थीं। नाक की हड्डी टूटी हुई थी। गले की मांसपेशियों को नुकसान पहुंचा था, जो गला घोंटने के कारण दम घुटने से हुई मृत्यु की पुष्टि करता है। रेप हुआ था या नहीं, इस बात की पुष्टि करने के लिए शरीर से लिए गए नमूने आगे की जांच के लिए भेज दिए गए हैं। पुलिस अब क्राइम सीन रीक्रिएट करेगी। मीणा को अलवर और कैलाश हिल्स ले जाया जाएगा। पुलिस उससे पीड़िता का फोन, गहने और नकदी बरामद करने की कोशिश कर रही है। वह द्वारका के एक होटल से पकड़ा गया था, जहां वह वारदात के बाद ऑटो से पहुंचा था।
अलवर में पहली वारदात
हत्या से ठीक पहले, रात में मीणा ने अलवर में एक महिला के साथ दुष्कर्म किया था। अलवर एसपी सुधीर चौधरी ने बताया कि आरोपी महिला के पति को जानता था और उसके साथ ऑनलाइन लूडो खेलता था। मंगलवार रात वह पति को शादी में ले गया और खुद वापस लौटकर महिला के साथ वारदात को अंजाम दिया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन