दिल्ली में 'थीम' वाले जंगलों की तैयारी, 2 एकड़ में यहां बनेंगे; जानें क्या-क्या होगा खास?
ये जंगल सेंट्रल रिज और साउथ रिज में करीब 2 एकड़ जमीन पर बनाए जाएंगे। सरकार का मकसद इन जंगलों के जरिए ज्यादा से ज्यादा लोग प्रकृति के करीब लाने का है।

दिल्ली में हरियाली को बढ़ाने के लिए रेखा गुप्ता सरकार 'थीम आधारित जंगल' बनाने की योजना बना रही है। खास बात ये है कि इन जंगलों में राशि चिन्ह, तारे और प्राचीन परंपराओं से जुड़ी थीम का इस्तेमाल होगा जिससे हरियाली को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ भारतीय संस्कृति को भी बढ़ावा मिलेगा। शुद्ध वातावरण के साथ पुरानी परंपराओं से लोगों को जोड़ने के लिए ये जंगल सेंट्रल रिज और साउथ रिज में करीब 2 एकड़ जमीन पर बनाए जाएंगे। सरकार का मकसद इन जंगलों के जरिए ज्यादा से ज्यादा लोगों को प्रकृति के करीब लाने का है।
इनमें ऋतु वन, नक्षत्र वन, राशि वन, तीर्थंकर वन, बेल जंगलऔर पंचवटी वन शामिल हैं। एक अधिकारी के मुताबिक ‘ये वन राष्ट्रीय राजधानी में वृक्षारोपण को बढ़ावा देंगे और प्रकृति को फायदा पहुंचेगा। ये जंगल ज्यादा से ज्यादा लोगों को प्रकृति की ओर आकर्षित करेंगे साथ ही इनके जरिए प्राचीन परंपराओं से जुड़ाव महसूस होगा। ये जंगल न केवल दिल्ली में हरियाली बढ़ेगी, बल्कि लोग अपनी संस्कृति के बारे में भी मजेदार तरीके से जान पाएंगे।’
कौन-कौन से जंगल बनाए जा रहे हैं?
अधिकारियों के मुताबिक ऋतु वन इसमें अलग-अलग मौसमों में खिलने वाले पेड़-पौधे लगाए जाएंगे, ताकि लोग साल भर बदलते रंगों को देख सकें। नक्षत्र वन में उन पौधों को लगाया जाएगा जिनका संबंध तारों और नक्षत्रों से है। वहीं राशि वन में ऐसे पेड़े लगाए जाएंगे जिनका संबंध 12 राशियों से है। इस जंगल में हर राशि के हिसाह से खास पेड़ देखने को मिलेंगे।
तीर्थंकर वन में जैन धर्म के 24 तीर्थंकरों के सम्मान में पौधे लगाए जाएंगे। वहीं पंचवटी वन रामायण और महाभारत जैसी कथाओं और पंचतत्व पर आधारित होगा। बेल वन जो कि साउथ रिज में बनेगा, वहां खास तौर पर बेल के पेड़ लगाए जाएंगे, जिनका धार्मिक और औषधीय महत्व है।
जंगल के निर्माण की प्रक्रिया भी शुरू
ऑफिशियल टेंडर डॉक्यूमेंट के मुताबिक, फॉरेस्ट डिपार्टमेंट ने सेंट्रल रिज एरिया में इनमें से कई थीम वाले जंगल के निर्माण की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है जबकि साउथ रिज में नक्षत्र वन और बेल वन के निर्माण के लिए अलग से काम किया जाएगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन