दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने ली करवट, कई हिस्सों में बारिश; IMD ने जारी किया है 'येलो अलर्ट'
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने सोमवार को दिल्ली एनसीआर सहित भारत के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश, गरज के साथ बौछारें, बिजली गिरने और तेज हवाओं की चेतावनी देते हुए 'येलो अलर्ट' जारी किया था।

दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने सोमवार को एकबार फिर करवट ली है। दिल्ली-एनसीआर के कई हिस्सों में बारिश हुई। पूर्वी और पश्चिमी दिल्ली में हल्की बारिश देखने को मिली तो नोएडा में भी हल्की बूंदाबांदी हुई। इंडिया गेट इलाके में तो झमाझम बारिश हुई।
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने सोमवार को दिल्ली एनसीआर सहित भारत के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश, गरज के साथ बौछारें, बिजली गिरने और तेज हवाओं की चेतावनी देते हुए 'येलो अलर्ट' जारी किया था।
सोमवार सुबह न्यूनतम तापमान इतना
क्षेत्रीय मौसम केंद्र के बुलेटिन के अनुसार, 30 मार्च को दिल्ली में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश, गरज, बिजली और तेज हवाओं का दौर देखने को मिलेगा। दिल्ली में सोमवार सुबह न्यूनतम तापमान 19.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
शाम तक इन इलाकों में बारिश का अनुमान
आईएमडी ने एक्स पर एक पोस्ट के जरिए से जानकारी दी है कि सोमवार शाम को दिल्ली के बवाना, कंझावला, मुंडका, जाफरपुर, नजफगढ़, द्वारका और आईजीआई एयरपोर्ट पर हल्की बारिश होने की संभावना है। दिल्ली-एनसीआर के क्षेत्रों, जिनमें बहादुरगढ़, गुरुग्राम और मानेसर शामिल हैं, वहां भी हल्की बारिश देखने को मिलेगी।
पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम में बदलाव
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी ईरान और कैस्पियन सागर क्षेत्र के ऊपर बना एक पश्चिमी विक्षोभ, उत्तर-पश्चिमी राजस्थान के ऊपर सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन के साथ मिलकर उत्तर भारत के मौसम को प्रभावित कर रहा है। वहीं 2 अप्रैल को एक और पश्चिमी विक्षोभ की संभावना है, जिसके चलते 3 और 4 अप्रैल को दिल्ली में बहुत हल्की बारिश होने की संभावना है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन